Politics

MP में कांग्रेस जीतेगी 150 सीटें, दिल्ली में महामंथन के बाद बोले राहुल गांधी

कांग्रेस आलाकमान के साथ प्रदेश के शीर्ष नेताओं की बड़ी बैठक, चुनाव पर चर्चा

नई दिल्ली/ भोपाल (जोशहोश डेस्क) मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में अब कुछ महीने ही बाकी हैं। MP चुनाव के मद्देनज़र दिल्ली में सोमवार को कांग्रेस आलाकमान के साथ प्रदेश के शीर्ष नेताओं की बड़ी बैठक हुई। बैठक के बाद कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने दावा किया कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस 150 सीटें जीतेगी।

बैठक के बाद राहुल गांधी ने मीडिया से चर्चा में कहा कि हमारी लंबी चर्चा चली, हमारा आंतरिक आंकलन है कि हमें मध्यप्रदेश में 150 सीटें मिलने वाली हैं। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि कांग्रेस मध्यप्रदेश में कर्नाटक की सफलता को दोहराएगी।

वहीं बैठक को लेकर मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष और पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा कि चुनाव में सवा चार महीने बचे हुए हैं, ऐसे में क्या रणनीति बनाई जाए इस मुद्दे पर बैठक में चर्चा हुई। कमलनाथ ने कहा कि बैठक में हमारा मंथन इस बात को लेकर था कि प्रदेश का भविष्य कैसे सुरक्षित रखा जाय क्योंकि सवाल सिर्फ कांग्रेस का नहीं बल्कि मध्यप्रदेश का है।

AICC में हुई इस अहम बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने की। पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव केसी वेणुगोपाल, मध्यप्रदेश प्रभारी जेपी अग्रवाल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह व प्रदेश के सभी वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि मध्यप्रदेश में बीते करीब दो दशकों से भाजपा का शासन है, साल 2018 के चुनाव में जीत दर्ज़ कर कांग्रेस की सरकार आई थी लेकिन ज्योतिरादित्य सिंधिया की बगावत से कुछ ही महीने में कांग्रेस सरकार गिर गई थी। ऐसे में कांग्रेस इस बार चुनाव में कोई कसर नहीं छोड़ना नहीं चाहती। वहीं भाजपा को सत्ता विरोधी लहर के साथ पार्टी में व्यापक असंतोष का भी सामना करना पड़ रहा है।

Back to top button