Politics

शिवराज को कमजोर करने वालों के मंसूबे क्यों हुए ध्वस्त?

शिवराज को पसंद करने वाले राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सरकार्यवाह भैयाजी जोशी को एक और कार्यकाल मिलने जा रहा है। मार्च पर इस पर मुहर लग जाएगी।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) भारतीय जनता पार्टी की अंदरूनी राजनीति में शिवराज सिंह चौहान (Shivraj singh Chouhan) को लेकर कयासों का दौर लगातार चल रहा है। प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की नई कार्यकारिणी ने यह बता दिया है कि संघ के समर्थन से भाजपा में बदलाव की बयार तेजी से बह रही है। ऐसे में अब शिवराज को भाजपा की राजनीति में कमजोर करने वालोें के लिए बुरी खबर आई है। दरअसल शिवराज को पसंद करने वाले राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सरकार्यवाह भैयाजी जोशी को एक और कार्यकाल मिलने जा रहा है। मार्च पर इस पर मुहर लग जाएगी।

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ में संघ प्रमुख मोहन भागवत के बाद भैयाजी जोशी दूसरे शक्तिशाली पदाधिकारी हैं। उनके बारे में यह माना जाता है कि वे शिवराज को काफी पसंद करते हैं। पहले भी कई मौकों पर वे शिवराज के लिए संकटमोचक साबित हुए हैं। ऐसे में भैयाजी जोशी को एक और कार्यकाल मिलना पार्टी में शिवराज विरोधियों के लिए सदमे से कम नहीं होगा।

भैयाजी जोशी को सरकार्यवाह का दायित्व साल 2009 में मिला था इसके बाद से लगातार चार कार्यकाल इस पद पर पूरा करने जा रहे हैं। उनका मौजूदा कार्यकाल मार्च 2021 में पूरा होने जा रहा है। बताया जा रहा है कि मार्च में संघ की नागपुर में होने वाली अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक मे उनके अगले कार्यकाल की औपचारिकता पूरी कर ली जाएगी।

चुनौती भी संघ से ही

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा

भाजपा में शिवराज के प्रभुत्व को चुनौती भी संघ से ही मिल रही है। संघ का एक धड़ा पूरी तरह से वीडी शर्मा पर भरोसा जता रहा है। वीडी को पहले सांसद का टिकट दिया गया उसके बाद भाजपा के धुरंधरों को साइडलाइन कर प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। इससे साफ जाहिर है कि संघ की नजर में वीडी लंबी रेस के घोड़े हैं। अब वीडी ने जिस तरह अपनी कार्यकारिणी में युवाओं को तरजीह दी है वह भाजपा में परिवर्तन की बानगी है। ऐसे में शिवराज के लिए संघ में भैयाजी जोशी का ताकतवर बने रहना बेहद मुफीद होगा

मध्यप्रदेश भाजपा पर बढ़ रहा संघ का प्रभाव

बताया जा रहा है कि संघ जल्द ही अपने कुछ और प्रचारकों को भाजपा में संगठन मंत्री के रूप में तैनात करेगा। मध्यप्रदेश में भी संघ अपनी इस रणनीति पर काम कर रहा है। संघ तीन माह पूर्व ही में हितानंद शर्मा को प्रदेश में सह संगठन मंत्री के रूप में भेज चुका है। इसके अलावा हाल ही में संघ के प्रचारक रहे शिवप्रकाश को छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल के साथ मध्यप्रदेश का भी प्रभार दिया गया है। उनका बेस भी भोपाल बनाया है।इस तरह मध्यप्रदेश भाजपा पर संघ का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में भैयाजी जोशी को सरकार्यवाह का एक और कार्यकाल मिलना शिवराज को और मजूबत बनाएगा।

Back to top button