MP

BJP छोड़ कांग्रेस में शामिल साहिल सिंह राजपूत, अजयसिंह ने दिलाई सदस्यता

साहिल राजपूत ने छोड़ा भाजपा के अभा इंजीनियरिंग छात्र संगठन के प्रदेश अध्यक्ष का पद, कांग्रेस की रीति-नीति में जताया विश्वास

भोपाल (जोश होशडेस्क) नरसिंहपुर गोटेगांव के इंजीनियर साहिल सिंह राजपूत ने आज अपने साथियों के साथ प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित एक समारोह में कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। मप्र विधानसभा में पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजयसिंह राहुल भैया के समक्ष शनिवार को साहिल सिंह राजपूत ने भाजपा छोड़ कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है।

साहिल राजपूत भाजपा के अभा इंजीनियरिंग छात्र संगठन के प्रदेश अध्यक्ष का पद छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए हैं। साहिल ने बताया कि कांग्रेस की रीति-नीति पर विश्वास व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ जी के कुशल नेतृत्व में कार्य करने के लिए वे कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं।

इस अवसर पर अजयसिंह राहुल भैया ने कहा कि साहिल राजपूत ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर नरसिंहपुर में ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश की युवा शक्ति को नई ऊर्जा प्रदान कर नया संदेश दिया है। वहीं विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एनपी.प्रजापति ने कहा कि साहिल राजपूत ने कांग्रेस संगठन से जुड़कर युवा वर्ग के लिए नई राह दिखाने और मजबूती के साथ पार्टी का कार्य करने की दृढ इच्छाशक्ति के साथ अपने साथियों के साथ भाजपा छोड़ कांग्रेस पार्टी में जो विश्वास जताया है, उससे क्षेत्र में युवाओं को पूरा सम्मान और शक्ति मिलेगी।

कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर साहिल सिंह राजपूत ने विश्वास दिलाया कि पार्टी की रीति-नीति और अभा कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ की भावनानुसार पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, उसका पूरी निष्ठा, लगन, ईमानदारी से पार्टी हित में पालन करूँगा।

साहिल राजपूत ने कहा कि भाजपा और मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने हमेशा से ही किसानों और युवाओं को भ्रमित कर उनके साथ छलावा किया है। युवा शक्ति आने वाले 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को उखाड़ फैकेगी और प्रदेश में कमलनाथ जी के नेतृत्व में जनहितैषी, युवाओं, गरीबों, महिलाओं, किसानों के लिए कल्याणकारी सरकार बनाकर प्रदेश में प्रगति, उन्नति और खुशहाली की नयी इबारत लिखी जायेगी।

नरसिंहपुर के आशीष सोनी, सुनील पटेल, शिवम राय, मुकेश प्रजापति, मोनू राय, ऋतिक शर्मा, हरि चौधरी, आनंद राजपूत, अभिषेक परिहार, सजल सोनी, सहित सैकड़ों युवाओं ने भी साहिल राजपूत के साथ भाजपा छोड़ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री राजीव सिंह, डॉ. महेन्द्र सिंह चौहान, संजय मसानी, जितेन्द्र मिश्रा, रवि सक्सेना, राजकुमार सिंह, विवेक त्रिपाठी, आशुतोष चौकसे, रवि परमार, गोटेगांव के नरेश बिलवार, मोना कौरव, आशीष राय, मयंक छिरा, देवकी पटेल, संजय मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।

Back to top button