MP

मुलाक़ात से पहले बदला CM शिवराज का कार्यक्रम, धरने पर बैठे दिग्जिवय सिंह

दिग्विजय सिंह बोले- किसानों के हक़ में ज़रूर करेंगे धरना प्रदर्शन, घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पूर्व निर्धारित ऐलान के तहत शुक्रवार सुबह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात के लिए निकले लेकिन शिवराज सिंह के कार्यक्रम में बदलाव से आहत होकर वे मुलाकात की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। कुछ देर बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ भी दिग्विजय सिंह का साथ देने पहुंचे। इससे पहले दिग्विजय सिंह के राजधानी भोपाल स्थित बंगले पर शुक्रवार सुबह भारी पुलिस बल तैनात कर आवाजाही रोक दी गई।

वेब पोर्टल हम समवेत के मुताबिक दिग्विजय सिंह के घर के बाहर दर्जनों पुलिसकर्मी, उनकी बख्तरबंद बसें और गाड़ियां लगा दी गयी हैं ताकि वो घर से बाहर न निकल सकें। यही नहीं, सरकार ने मुख्यमंत्री आवास की तरफ जानेवाले सभी रास्तों, पॉलिटेक्निक चौराहा, जवाहर चौक, मालवीय नगर, राज्य संग्रहालय, दूरदर्शन रोड पर भी पुलिस की भारी तैनाती की है। ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री शिवराज से मिलने का वक्त मांगा था और कहा था कि अगर सीएम नहीं मिले तो वे उनके निवास के बाहर ही धरना देंगे।

बड़ी बात यह है कि दिग्विजय सिंह के बार बार अनुरोध पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने 21 जनवरी का वक्त भी दिया था लेकिन इसके बाद मुख्यमंत्री शिवराज के कार्यक्रम में बदलाव कर दिया गया। इसके बाद दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री निवास के बाहर ही धरना देने का ऐलान कर दिया था। कार्यक्रम में बदलाव से नाराज कांग्रेस ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह को निशाने पर लिया।

बताया जा रहा ही कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान किसानों से मिलने की बजाए भोपाल से बाहर जा रहे थे। जब वे स्टेट हेंगर जाने से पहले श्यामला हिल्स स्थित स्मार्ट सिटी पार्क पर वृक्षारोपण करने दिग्विजय सिंह के निवास के सामने से गुजरे तब ही पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह किसानों के साथ उनसे मिलने पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया और उनकी गाड़ी को चारों तरफ से घेर लिया। पुलिस उन्हें कहा कि आप 11 बजे नियत समय पर धरना प्रदर्शन कर सकते हैं लेकिन वे उन्हें मुख्यमंत्री से मिलने नही देंगे। उसके बाद दिग्विजय सिंह ने कहा कि हम किसानों के हक़ में धरना प्रदर्शन ज़रूर करेंगे।

दिग्विजय सिंह ने गुरूवार को कहा था कि, ‘अब मैं तो उनके घर के सामने धरने पर कल सुबह 11 बजे बैठूंगा। नहीं मिलेंगे तो मुझे ऐतराज नहीं मैं वहीं बैठूंगा गिरफ्तार करना है गिरफ्तार कर लीजिए।’ उन्होंने यह भी कहा है कि कल सीएम से मिले बिना मैं घर नहीं लौटूंगा। 

हम समवेत के मुताबिक दिग्विजय सिंह ने बीते दिनों अपनी जन जागरण यात्रा के दौरान भोपाल, राजगढ़, विदिशा और गुना जिले में टेम, पार्वती और सुठालिया सिंचाई परियोजनाओं के अंतर्गत डूब में आ रहे किसानों और पीड़ितों से मुलाकात की थी। इलाके के हजारों परिवारों की समस्या देख उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर इसके समाधान का आश्वासन दिया। पीड़ितों की इन समस्याओं को लेकर दिग्विजय सिंह ने पहले दो बार सरकार को चिट्ठी लिखी। फिर सुनवायी न होने पर किसानों के साथ धरने पर बैठने का अल्टीमेटम दे दिया था। 9 जनवरी की रात पौने ग्यारह बजे फोनकर उन्हें 21 जनवरी के लिए मुलाकात का समय निर्धारित किया गया। लेकिन 20 जनवरी की सुबह दिग्विजय सिंह को फिर बताया गया कि मुख्यमंत्री व्यस्त हैं, इसलिए वे आपसे मुलाकात नहीं कर सकते हैं। सीएम के इस बर्ताव पर दिग्विजय सिंह ने आपत्ति जताई और ऐलान कर दिया कि नियत समय पर वे सीएम हॉउस पहुंच जाएंगे। जो कि पहले सुबह 11.30 बजे का बताया गया था।

Back to top button