MP

राज्य समर्थित गौहत्या केंद्र, बैरसिया गौशाला में 5 साल में 4609 गायों की हत्या!

बैरसिया की गौशाला को लेकर बड़ा खुलासा, सीएम शिवराज के साथ भाजपा-विहिप नेताओं की गौभक्ति पर उठ रहे सवाल।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) बैरसिया की गौशाला में 100 से अधिक गायों के शव मिलने के मामले में सनसनीखेज खुलासे हो रहे हैं। अब यह सामने आया है कि गौशाला में बीते पांच सालों में 4609 गायों की मौत हो चुकी है। जबकि इस गौशाला पर प्रदेश सरकार ख़ासी मेहबान रही है। भोपाल जिले की सभी गौशालाओं के कुल अनुदान की 32 प्रतिशत राशि बैरसिया की गौशाला को आवंटित हुई है।

सोशल मीडिया में इस गौशाला को राज्य समर्थित गौहत्या केंद्र तक बताया जा रहा है। पत्रकार और एक्टिविस्ट सौमित्र रॉय ने सूचना के अधिकार से मिले दस्तावेज साझा करते हुए इस गौशाला को लेकर बड़े खुलासे किये हैं।

सौमित्र रॉय ने अपनी फेसबुक पोस्ट में लिखा कि

भोपाल के बाहरी इलाके बैरसिया में स्थित विश्व हिंदू परिषद की एक गौशाला में 4609 गायों की हत्या 5 साल में कर दी गईं। ये हत्याएं शिवराज सरकार के बीते 5 साल में हुई हैं। इसे राज्य समर्थित गौ हत्या माना जाना चाहिए, क्योंकि ये सरकारी और सामाजिक अनुदान पर चल रही थीं।लेकिन चूंकि ये गौशाला विश्व हिंदू परिषद की है, इसलिए पालतू मीडिया चुप है। विवेक पांडेय की RTI बताती है कि भोपाल की 28 गौशालाओं को सरकार से 2015-2020 तक 5.42 करोड़ का अनुदान मिला। इसमें से 32% अनुदान बैरसिया की गौ शाला को मिला, यानी 1.78 करोड़। जिस गौशाला में हज़ारों गायों की हत्या की गईं, उसे विहिप ट्रस्ट की ओर से अशोक जैन चलाता है। जैन विश्व हिंदू परिषद से जुड़े ट्रस्ट का अध्यक्ष है। अब आप इस नृशंस हत्याकांड का राज़ समझ सकते हैं। जैन की पत्नी आशा 4 बार बीजेपी पार्षद रह चुकी हैं। अब वे शिवराज सरकार पर ही लापरवाही का आरोप लगा रही हैं। उनका दावा है कि सरकार ने गौशाला के 1800 से ज़्यादा गायों के लिए 11 महीने से पैसा नहीं दिया। उधर, राज्य पशुपालन विभाग के डिप्टी डायरेक्टर मई में 40 लाख देने का दावा कर रहे हैं। अब आप विहिप की ऐसी गौशालाओं को गौ पालन केंद्र कहें या सरकारी संरक्षण में प्रायोजित गौ हत्या केंद्र- मर्ज़ी आपकी। कागज़ सामने है और सरकार से सवाल पूछने वाले बिक चुके हैं।

मामला सामने आने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ ही भाजपा और विश्व हिंदु परिषद के नेताओं की गौभक्ति पर सवाल भी उठ रहे हैं। राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने लिखा कि यह सभी तथाकथित हिंदू धर्म संरक्षक केवल धर्म का चोला ओढ़कर कर राजनीति करते हैं। इन्हें ना हिंदू धर्म से मतलब है ना गौसेवा से, उन्हें धर्म का दुरुपयोग कर सत्ता हासिल कर पैसा कमाना है। पूरी भाजपा, VHP व मामूगेंग श्रीमती शांडिल्य व संचालक मंडल को बचाने में लग गई है-

गौरतलब है कि रविवार को बैरसिया में गौ सेवा भारती गौशाला में बने कुएं में 20 गायों के शव मिले थे वहीं 80 से ज्यादा गायों के शव और कंकाल गौशाला के करीब मैदान में पड़े मिले थे। गौशाला की संचालिका निर्मला देवी पर केस दर्ज कर प्रशासन ने गौशाला का संचालन अपने हाथ में ले लिया है। निर्मला देवी भाजपा की नेता हैं और भाजपा की ब्लॉक अध्यक्ष के साथ मंडी सदस्य भी रह चुकी हैं। गौशाला का संचालक मंडल विश्व हिन्दू परिषद से सम्बंधित बताया जा है। राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया है कि गौशाला में कई वर्षों से गाय की हड्डी व चमड़े का व्यापार भी चलाया जा रहा था जिसकी जांच की जाना चाहिए।

Back to top button