MP

कांग्रेस का हल्लाबोल, श्रीनिवास बोले- हक़ मांग रहे युवा, सिर्फ लाठियां क्यों गोलियां चलवा दो

भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन, कई नेता गिरफ्तार।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ बुधवार को प्रदेश की राजधानी भोपाल में भाजपा सरकार के खिलाफ हल्ला बोला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास घेरने निकले लेकिन पुलिस ने कांग्रेस कार्यालय के पास ही कार्यकर्ताओं को बलपूर्वक रोक दिया। बल प्रयोग में कार्यकर्ताओं के घायल होने के भी समाचार हैं।

पुलिस के बल प्रयोग में बड़नगर उज्जैन के कार्यकर्ता राकेश गोयल घायल हो गए। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस ने नोंकझोंक भी हुई है। बल प्रयोग में कुछ कार्यकर्ताओं के घायल होने के भी समाचार हैं। पुलिस ने कुछ कांग्रेस नेताओं को गिरफ्तार भी किया है। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर बल प्रयोग का विरोध करते हुए कहा कि सिर्फ वाॅटर कैनन लाठियां क्यों मंदसौर की तरह गोलियां चलवा दीजिए शिवराज जी।

इससे पहले प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि मध्यप्रदेश में शिवराज सरकार हर मोर्चे पर असफल साबित हुई है। किसानों की आत्महत्या, महिला अत्याचार और बेरोजगारी में मध्यप्रदेश अब नंबर वन है। कमलनाथ ने कहा कि मेरी सरकार को काम करने के लिए केवल 11 महीने मिले थे और हमने सरकार में आते ही किसानों के कर्जा माफ किया था।

वहीं युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हए कहा कि प्रदेश की शिवराज सरकार कांग्रेस के उत्साही कार्यकर्ताओं के घेराव से खौफ खा गई है। इसलिए सरकार ने विधानसभा सत्र भी समय से पहले ही खत्म कर दिया। श्रीनिवास ने कोरोना काल में शिवराज सरकार को फेल बताते हुए कहा कि जब प्रदेश में लोग कोरोना से मर रहे थे तब मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री बंगाल चुनाव में व्यस्त थे।

प्रदर्शन में मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रभारी सीपी मित्तल समेत पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, सुरेश पचौरी, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल भैया, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, पीसी शर्मा, जीतू पटवारी, सुरेंद्र सिंह हनी बघेल, युवा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विक्रांत भूरिया, विधायक कुणाल चौधरी, विपिन वानखेड़े, आरिफ मसूद, लखन घनघोरिया, गोपाल सिंह, संगठन मंत्री राजीव सिंह भी मौजूद रहे। इससे पहले कांग्रेस सेवादल ने तिरंगा यात्रा भी निकाली।

Back to top button