MP

क्या CM शिवराज के ‘विकास पर्व’ की केंद्रीय मंत्री ने ही खोल दी पोल?

केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र खटीक का CM शिवराज को लिखा पत्र वायरल, कटघरे में सरकार का विकास पर्व

भोपाल (होशहोश डेस्क) शिवराज सरकार प्रदेश भर में विकास पर्व मना रही है। प्रदेश के विकास और अपनी उपलब्धियों को जनता के बीच पहुंचाने खुद मुख्यमंत्री शिवराज मोर्चे पर हैं। वहीं दूसरी ओर प्रदेश के सांसद और मोदी सरकार के मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक ही सीएम शिवराज द्वारा बीते चुनाव की घोषणाओं के पूरा न होने की बात कह पूरे विकास पर्व को कटघरे में खड़ा कर रहे हैं।

दरअसल केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक का मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को लिखा हुआ एक पत्र वायरल है। इसमें केंद्रीय मंत्री खटीक साल 2013 व 2018 की जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान की गई सीएम की घोषणाओं की याद दिलाते हुए उन्हें पूरा करने की मांग कर रहे हैं।

इस पत्र के सामने आते ही कांग्रेस ने शिवराज सरकार के विकास पर्व को निशाना पर ले लिया है। कांग्रेस का कहना है कि सीएम शिवराज पिछले पांच साल में की गई घोषणा को अब तक पूरा नहीं कर पाए हैं। फिर विकास पर्व क्यों और किस उद्देश्य के लिए है। प्रदेश कांग्रेस ने यहाँ तक लिखा कि केन्द्रीय मंत्री और बीजेपी सांसद ने भी अब तो CM शिवराज को घोषणा मशीन साबित कर दिया है?

पत्र में वीरेंद्र कुमार खटीक ने उनके संसदीय क्षेत्र के ग्राम ‘भेलसी में शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और खाद-बीज गोदाम खुलवाने की मांग के बारे में लिखा है। उन्होंने पत्र में लिखा कि वर्ष 2013 एवं 2018 में जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान इन मांगों को पूरा करने की घोषणा की गई थी। इन मांगों को पूरा करना अत्यंत आवश्यक है।

वहीं राजधानी भोपाल में भी सड़कों की दुर्दशा ने सरकार के विकास की पोल खोल दी है। सरकार की उदासीनता से त्रस्त आकर रविवार को पांच कालोनियों के रहवासियों ने विरोध स्वरूप कीचड़ स्नान तक किया।

गौरतलब है कि शिवराज सरकार का विकास पर्व 16 जलाई से 14 अगस्त तक मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान खुद विकास पर्व के कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसकी शुरुआत बड़वानी जिले से हुई। विकास पर्व के दौरान लगभग 2 लाख करोड़ रुपए के विकास कार्य किए जाने की बात कही गई है। विकास पर्व के दौरान जनसेवा यात्राओं, आम सभाओं का आयोजन और स्थानीय स्तर पर जनता के साथ संवाद के कार्यक्रम आयोजित किये जाना है।

Back to top button