MP

BJP में टिकटों पर घमासान, मंत्री तोमर को कार्यकर्ताओं ने घेरकर की नारेबाजी

सोनकच्छ से पूर्व प्रत्याशी राजेंद्र वर्मा का टिकट काटने से नाराज कार्यकर्ताओं का हंगामा

भोपाल (जोशहोश डेस्क) विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पहली लिस्ट में 39 प्रत्याशियों के नाम का ऐलान करने के बाद भाजपा में मचा घमासान थमता नहीं दिख रहा है। टिकट वितरण से उपजा असंतोष भाजपा के प्रदेश कार्यालय तक पहुंचने लगा है। चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर तक को भी बुधवार को कार्यकर्ताओं की नाराजगी का सामना करना पड़ा है।

दरअसल बुधवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में पहली लिस्ट में घोषित 39 उम्मीदवारों का प्रशिक्षण आयोजित किया था। प्रशिक्षण के लिए विधानसभा चुनाव के प्रदेश प्रभारी व केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक व केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश चुनाव सहप्रभारी अश्विनी वैष्णव प्रदेश कार्यालय पहुंचे थे।

वहीं इस बीच भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का घेराव कर दिया। ये कार्यकर्ता सोनकच्छ से पूर्व प्रत्याशी राजेंद्र वर्मा का टिकट काटने की वजह से नाराज थे और सोनकच्छ से भाजपा के उम्मीदवार राजेश सोनकर के विरोध में भोपाल पहुंचे थे। कार्यकर्ताओं ने मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर की गाड़ी को गेट पर रोक कर नारेबाजी की।

कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी भी की। हंगामा यहाँ तक बढ़ा कि कार्यालय का गेट तक बंद करना पड़ा। बताया जा रहा है कि मंत्री तोमर पार्टी कार्यालय से बाहर जा रहे थे, तभी सोनकच्छ के बीजेपी कार्यकर्ता उनकी कार के आगे आ गए। वे ढोल और नगाड़ों के साथ पार्टी ऑफिस पहुंचे थे।

मंगलवार को भी आदिवासी अंचल कुक्षी से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश भाजपा कार्यालय का घेराव किया था। यहां कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताते हुए प्रत्याशी जयदीप पटेल के टिकट पर विरोध जताया था। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि जयदीप बाहरी प्रत्याशी हैं। भाजपा 39 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। हालंकि उनमें से 12 पर बगावत के सुर सुनाई दे रहे हैं।

Back to top button