MP

महंगाई बेरोजगारी-दमन के खिलाफ शंखनाद, कमलनाथ बोले-न दबेंगे न झुकेंगे

शिवराज सरकार के खिलाफ प्रदेशव्यापी शंखनाद, पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर चलाई वॉटर कैनन।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) लगातार बढ़ रही महंगाई, बेरोजगारी और आदिवासियों पर अत्याचार की घटनाओं के विरोध में कांग्रेस ने गुरुवार को शिवराज सरकार के खिलाफ प्रदेशव्यापी शंखनाद कर दिया। राजधानी भोपाल में बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता व्यापमं चौराहे से सीएम हाउस की ओर बढ़े लेकिन पुलिस ने बीच में वॉटर कैनन का इस्तेमाल कर कार्यकर्ताओं को रोक लिया।

इससे पहले शंखनाद में शामिल कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से महंगाई और बेरोजगारी की समस्या विकराल हो चुकी है। देश की साझा संस्कृति भी खतरे में है जिसे बचाना सबसे बड़ी चुनौती है। कमलनाथ ने कहा कि भाजपा के पास पुलिस, पैसा और प्रशासन तीनों हैं लेकिन हम न पैसे, न पुलिस और न प्रशासन से दबेंगे और न ही झुकेंगे।

युवा शंखनाद के लिए कांग्रेस नेता व्यापम चौराहे पर पहुंचे। यहाँ से रैली के रूप में कार्यकर्ता मुख्यमंत्री निवास के लिए निकले, लेकिन पुलिस ने रेडक्रॉस अस्पताल के सामने बैरिकेड लगाकर कार्यकर्ताओं को रोक लिया। कार्यकर्ताओं को रोकने पुलिस ने वॉटर कैनन का भी इस्तेमाल किया। इसके बाद पुलिस ने शंखनाद में शामिल बड़े नेताओं को हिरासत में ले लिया।

युवा शंखनाद में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी भी शामिल हुए। उनके अलावा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ , पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव, आगर विधायक विपिन वानखेड़े समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। युवा शंखनाद में शामिल नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनाने का संकल्प भी लिया।

Back to top button