MP

कोरोना को रोकने के लिए शिवराज की मंत्री कराएंगी यज्ञ, डॉक्टर कर रहे 72 घंटे की ड्यूटी!

देवास जिले की जिम्मेदारी संभाल रहीं मंत्री उषा ठाकुर अब जिले में कोरोना से बचने के लिए यज्ञ करवाने की तैयारी रही हैं।

देवास (जोशहोश डेस्क) प्रदेश में लगातार कोरोना का संक्रमण बढ़ रहा है। लोगों को इलाज नहीं मिल पा रहा है। अस्पतालों से लेकर शमशान घाट तक लाइन लग रही है। ऐसे समय में भी सरकार जिम्मेदार नजर नहीं आ रही। सरकार के मंत्री स्वास्थ्य सुविधाओं से ज्यादा पूजा और चुनाव में ध्यान दे रहे हैं। देवास जिले की जिम्मेदारी संभाल रहीं मंत्री उषा ठाकुर अब जिले में कोरोना से बचने के लिए यज्ञ करवाने की तैयारी रही हैं।

मंत्री उषा ठाकुर ने सोमवार रात को मीडिया से बात करते हुए कहा कि नवरात्र शुरू हो रही है। हम देवी मां से प्रार्थना करेंगे कि इस प्रकोप से इस प्राकृतिक आपदा से मनुष्य को मुक्ति दें। इसके लिए देवास में यज्ञ का आयोजन होगा। हालांकि मंत्री उषा ठाकुर को इसके लिए धन्यवाद देना चाहिए कि उन्होंने यह ध्यान रखा कि यज्ञ सिर्फ एक व्यक्ति करेगा। उन्होंने कहा कि हम कुछ उत्सव नहीं कर सकते हैं, क्योंकि कोरोना है। लेकिन हम यज्ञ में कोई एक व्यक्ति की ड्यूटी लगाएंगे जो नियम से करे। माता टेकरी पर दर्श प्रतिबंधित रहेगा, जिले के बाहर के लोग मंदिर में नहीं आ पाएंगे।

इससे पहले मध्यप्रदेश की पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर इंदौर के देवी अहिल्या बाई एयरपोर्ट पर कोरोना के खात्मे के लिए मां अहिल्या की प्रतिमा के सामने विशेष पूजा कर चुकी हैं। उस दौरान उन्होंने मास्क भी नहीं पहना हुआ था। पूजन के दौरान एयरपोर्ट की डायरेक्टर आर्यमा सन्यास सहित अन्य स्टाफ भी मौजूद था।

यह भी पढ़ें : फ्री में रेडमेसिविर, अब मध्यप्रदेश के पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का पोस्टर वायरल

उषा ठाकुर अपने बयानों की वजह से सुर्खियों में आती रही हैं। कुछ दिनों पहले जब उनके मास्क न लगाने पर सवाल पूछा गया था। तब मंत्री उषा ठाकुर ने कहा था कि गमछा गले मे रखती हूं अगर कोई पास आये तो मुँह पर रख लेती हूं। मैं प्रतिदिन शंख बजाती हूं, काढ़ा पीती हूं, गाय के गोबर के कण्डे का हवन करती है। यह मेरी प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है।

देवास में कोरोना

देवास में कोरोना के केस दिनोंदिन बढ़ते जा रहे हैं। सरकारी आकड़ों की मानें तो देवास में पिछले 24 घंटो में 48 संक्रमित मिले हैं। वहीं दो लोगों की मौत हुई है। डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ तीन दिन से 24-24 घंटे ड्यूटी करके मरीजों की जान बचाने की कोशिश कर रहे हैं। जिले में ऐसे मरीज ज्यादा आ रहे हैं जिनका ऑक्सीजन लेवल कम है। ऐसे में उन्हें ऑक्सीजन देनी पड़ रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ऑक्सीजन की डिमांड बढ़ने की वजह से ऑक्सीजन की पूर्ति भी समय पर नहीं हो पा रही है।

वहीं प्रदेश के 4 बड़े शहरों इंदौर, भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर में आंकड़े बेकाबू होते जा रहे हैं, बीते 24 घंटे में इन 4 बडे़ शहरों में 24 घंटे में कोरोना के 4,136 नए केस आए हैं और 21 लोगों की मौतें हुई हैं। इंदौर में सबसे ज्यादा 1,552 संक्रमित मिले हैं और 6 मौतें हुई हैं। भोपाल में 1,456 नए केस और 5 मौत हुई हैं। ग्वालियर में 576 संक्रमित मिले जबकि 6 लोगों की जान गई। जबलपुर में 552 नए मरीज मिले और 4 की मौत हो गई। ग्वालियर में संक्रमण दर सबसे ज्यादा 33% और भोपाल में 28% है।

Back to top button