MP

पूर्व मंत्री सरताज सिंह का निधन, भोपाल में ली अंतिम सांस

83 वर्षीय सरताज सिंह लंबे समय से चल रहे थे बीमार, अंतिम संस्कार 13 अक्टूबर को

भोपाल (जोशहोश डेस्क) मध्यप्रदेश सरकार में लम्बे समय तक मंत्री रहे BJP के सीनियर लीडर सरताज सिंह का निधन हो गया। उन्होंने भोपाल में गुरुवार सुबह इलाज़ के दौरान अंतिम सांस ली। 83 वर्षीय सरताज सिंह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनका अंतिम संस्कार 13 अक्टूबर को किया जाएगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ समेत अन्य नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है।

सरताज सिंह 5 बार के सांसद और 2 बार के विधायक थे। वे अटल बिहारी वाजपेयी की 13 दिन की सरकार में केंद्रीय मंत्री भी रहे। वे 2008 से 2016 तक मप्र सरकार में मंत्री रहे। सरताज सिंह 2018 के विधानसभा चुनाव में अपनी परंपरागत सीट सिवनी मालवा से टिकट न मिलने पर वे भाजपा को छोड़कर कांग्रेस में चले गए थे।

कांग्रेस ने उन्हें नर्मदापुरम से टिकट दिया था। इस सीट पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और नर्मदापुरम विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने सरताज सिंह को चुनाव हरा दिया था। विधानसभा चुनाव हारने के बाद वे नर्मदापुरम और प्रदेश की राजनीति में बहुत ज्यादा एक्टिव नहीं रहे थे और उन्होंने बाद में भाजपा में उन्होंने वापसी कर ली थी।

इससे पहले नर्मदापुरम संसदीय क्षेत्र से वे 1989 से 1996 तक तीन लोकसभा चुनाव में विजयी रहे। 1998 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी अर्जुन सिंह को हराकर बड़ा उलटफेर किया था। वर्ष 2008 में होशंगाबाद जिले की सिवनी मालवा विधान सभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा और कांग्रेस प्रत्याशी व तत्कालीन विधानसभा उपाध्यक्ष हजारी लाल रघुवंशी को हराया। 2013 के विधानसभा चुनाव में जीतकर वे शिवराज सरकार में मंत्री बने थे।

Back to top button