MP

प्रियंका गांधी की महाकौशल-विंध्य पर नज़र, मंडला में आज जनाक्रोश को देंगी आवाज

प्रियंका का मध्यप्रदेश में 10 दिन में यह दूसरा दौरा, मंडला में जनसभा को करेंगी संबोधित

मंडला (जोशहोश डेस्क) मध्यप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पूरा जोर लगा रही है। कांग्रेस के शीर्ष नेता लगातार मध्यप्रदेश में चुनावी दौरे और सभाएं कर रहे हैं। इस सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा 12 अक्टूबर को मंडला में जनसभा को संबोधित करेंगी।

आदिवासी बाहुल्य मंडला मंडला में प्रियंका गांधी की यह सभा बेहद अहम मानी जा रही है। प्रियंका चौगान की मढ़िया में दर्शन, शंकर शाह-रघुनाथ शाह की प्रतिमा पर माल्यार्पण और नर्मदा पूजन के बाद गोंड राजाओं की नगरी रामनगर में जनाक्रोश रैली को संबोधित करेंगी। इस रैली के साथ ही प्रियंका महाकौशल के साथ विंध्य में पार्टी संभावनाओं को विस्तार देंगी।

प्रियंका गांधी के साथ मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और राष्ट्रीय महासचिव सुरजेवाला, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव सहित बड़ी संख्या में प्रदेश के कांग्रेस नेता भी मौजूद रहेंगे। प्रियंका का मध्यप्रदेश में 10 दिन में यह दूसरा दौरा है। वे पांच अक्टूबर को धार जिले के मोहनखेड़ा में रैली कर चुकी हैं।

मध्य प्रदेश में आदिवासी वोटर्स निर्णायक भूमिका में है। प्रदेश की कुल 230 सीटों में से 47 सीटें आदिवासी वर्ग के लिए आरक्षित हैं, लेकिन उनका प्रभाव 80 से ज्यादा सीटों पर है। पिछले चुनाव में 47 में से 30 सीटें कांग्रेस ने जीती और 16 सीटें बीजेपी के खाते में गईं जबकि एक सीट निर्दलीय के खाते में गई थी।

Back to top button