MP

कोरोना का कहर : भोपाल में बढ़ेगा लॉकडाउन? फैसला आज

प्रदेश के इंदौर शहर के बाद भोपाल में सबसे ज्यादा संक्रमण है।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) मध्यप्रदेश में कोरोना का संक्रमण बेकाबू होता जा रहा है। प्रदेश की राजधानी भोपाल में कोरोना का आंकड़ा भयावह होता जा रहा है। प्रदेश के इंदौर शहर के बाद भोपाल में सबसे ज्यादा संक्रमण है। भोपाल के कोलार और शाहपुरा क्षेत्र में पहले से ही 9 दिनों का लॉकडाउन लगा है, क्योंकि सबसे ज्यादा मामले वहीं से निकल कर आ रहे हैं। अब पूरे भोपाल में लॉकडाउन बढ़ेगा या नहीं इस बात पर आज फैसला होगा।

मुख्यमंत्री दोपहर 3 बजे कोरोना की समीक्षा बैठक करेंगे। इस दौरान वे भोपाल क्राइसिस मैजनेमेंट ग्रुप के सदस्यों से भी बात कर सकते हैं। इस दौरान भोपाल में लॉकडाउन बढ़ाने पर फैसला हो सकता है।

कोलार और शाहपुरा क्षेत्र में एक अप्रैल से 8 अप्रैल तक करीब 400 से अधिक मरीज मिले है। इसके चलते लॉकडाउन का निर्णय लिया गया है। कलेक्टर हर दिन कंटेनमेंट क्षेत्रों की मॉनीटरिंग कर रहे हैं। वहीं जरुरत पड़ने पर यह लॉकडाउन और भी आगे बढ़ाया जा सकता है। कोलार समेत बावड़िया, सलैया, मदर टेरेसा आदि क्षेत्रों में शुक्रवार शाम छह बजे से 19 अप्रैल की सुबह छह बजे तक लॉकडाउन रहेगा।

मध्यप्रदेश में कोरोना अपना कहर बरपा रहा है, पिछले 24 घंटे में 5939 पॉजिटिव केस मिले हैं। इस दौरान 24 मौतें हुईं। अप्रैल माह के 10 दिन के आंकड़े देखे तो प्रदेश में इस दौरान 40,088 संक्रमित मिले हैं। जबकि एक्टिव केस 16 हजार बढ़ गए हैं। यानी 10 दिन में 54% की बढ़ोतरी हुई है। यही वजह है कि सरकार ने पहले पूरे प्रदेश में वीक एंड लॉकडाउन किया था, लेकिन अब 15 शहरों में 7 से 10 दिन की अवधि को बढ़ा दिया है।

यह भी पढ़ें_मध्यप्रदेश में बढ़ता कोरोना, पन्ना समेत इन जिलों में लगाया लॉकडाउन

Back to top button