MP

कांग्रेस का नाम लेना छोड़िये, बताइये मध्यप्रदेश के लिए आपने क्या किया?

प्रियंका गांधी की धार से हुंकार, पीएम मोदी-सीएम शिवराज पर किये तीखे हमले

धार (जोशहोश डेस्क) कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने धार के मोहनखेड़ा में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर तीखे हमले किये। प्रियंका गांधी ने दो टूक कहा कि मोदी जी, आजकल शिवराज सिंह का नाम लेने से तो शर्म करते हैं, पर कांग्रेस का नाम पचासियों बार लेते हैं, मेरी उन्हें सलाह है कि कभी कभी ‘विकास’ का नाम भी ले लिया करें। साथ ही ये बताएं कि मध्य प्रदेश के लिए आपने क्या किया है। इनमें हिम्मत नहीं है कि विकास की बात कर सकें।

प्रियंका गांधी ने दो टूक कहा कि मध्यप्रदेश में 18 साल में 250 से ज्यादा घोटाले हुए। ये जांच एजेंसियों को सबके घर भेज देते हैं। अभिनेताओं को भी नहीं छोड़ा। यहां ED क्यों नहीं पहुंची? इनके नेताओं और अधिकारियों के घर क्यों नहीं पहुंची? यहाँ मां नर्मदा के साथ घोटाला हो सकता है, महाकाल लोक में घोटाला हो सकता है, जब भगवान के साथ कोई घोटाला और भ्रष्टाचार करने की हिम्मत करता है तो क्या समय नहीं आ गया इनको बदल डालने का? शिशुपाल के अत्याचार का घड़ा भर गया है। भगवान कृष्ण की तरह इन्हें खत्म कर दो।

प्रियंका गांधी ने आगे कहा कि चुनाव में आप नेताओं के कहने पर वोट न दें, मेरे कहने पर भी नहीं, आप अपने अनुभवों के आधार पर वोट दें। यह देखे कि किस सरकार में आपकी ज़िन्दगी आसान थी? उन्होंने कहा कि अगर आप अपने लिए अपने परिवार के लिए अपने भविष्य के लिए वोट देंगे तो फिर आपका हर वोट कांग्रेस को जाएगा।

प्रियंका गांधी ने जनसभा से पहले मोहनखेड़ा जैन तीर्थ पहुंचकर पूजन अर्चन किया। इसके बाद जनसभा में उन्होंने शिवराज सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग आज बड़े बड़े चुनावी वादे कर रहे हैं। सालों लूटने के बाद उन्हें गैस सिलिंडर की क़ीमत याद आई है, 18 सालों बाद उन्हें बहने याद आई हैं, तो फिर ये 18 साल तक कहाँ गुम थे?

प्रियंका गांधी ने गोंडवाना की महारानी दुर्गावती की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि मैं यहां आ रही थी तो नौजवानों से मिली और उनसे पूछा कि मध्यप्रदेश के चुनाव में क्या हो रहा है? प्रदेश का भविष्य क्या है? वे कहने लगे की राजा जा रहा है। युवाओं का जवाब था कि इस बार हमारा वोट रोजगार के लिए जाएगा।

प्रियंका गांधी ने आगे कहा, ‘मध्य प्रदेश में 18 सालों में 250 से ज्यादा घोटाले हुए हैं। बच्चों के पोषण आहार में घोटाला हुआ ,मिड डे मिल में घोटाला हुआ, एडमिशन, सर्व शिक्षा अभियान और स्कॉलरक्शिप में घोटाला हुआ। भर्ती परीक्षा में घोटाला हुआ, नौकरियों में घोटाला हुआ। ये सिर्फ भ्रष्टाचार कर रहे हैं। व्यापम घोटाले में 50 से ज्यादा मौत हुई। इन्होंने जांच तक नहीं कराई। जहां महाकाल की मूर्तियों के साथ भ्रष्टाचार हो सकता है, कोई भगवान के साथ घोटाला करने की हिमाकत करता है तो क्या समय नहीं आया इन्हें बदलने का।’

महंगाई को लेकर प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रदेश में पिछले 18 वर्षों में 17 हजार नौजवानों ने आत्महत्या की है। आप अपनी सच्चाई देखिए। आज इतनी महंगाई है मैं जानती हूं बहनों पर क्या गुजर रहा है। आप जब त्योहार में दुकान जाते हैं बहुत कुछ खरीदना चाहती हैं। लेकिन आप आधी चीजें खरीदती हैं और आधा छोड़ देती हैं। मैं जानती हूं कि आप कम खाकर गुजारा करती हैं। लेकिन आपको कहा जाता है कि राशन मुफ्त कर दिया। यहां राशन मुफ्त कर दिया और उधर सिलेंडर 425 से बढ़ाकर 1125 का कर दिया।’

प्रियंका गांधी ने कहा, ‘मेरी दादी बड़ी हस्ती थीं। आपका भरोसा उन पर इसलिए था, क्योंकि उन्होंने दिन- रात आपके लिए काम किया। उनसे एक भावनात्मक रिश्ता था। वे आपकी कहानियां, संस्कृति के बारे में हमें बताती थीं। नेता और जनता के बीच रिश्ते को नेता निष्ठा से सींचे तो ये मजबूत बनता है। जैसा इंदिरा जी का आपके साथ था। आजकल परिस्थितियां बदल चुकी है, नेता चुनाव में आकर आपके सामने भाषण देते हैं। भाइयों बहनों भाषण खूब हुआ अब समय आ गया है कि आप अपने भविष्य के लिए वोट करें। इस देश को एकजुट रखने वाली और विकास करने वाली एक ही पार्टी है कांग्रेस पार्टी।’

कार्यक्रम में उपस्थित जनसमुदाय द्वारा “देश की आंधी प्रियंका गांधी” के नारे लगाए जाने पर प्रियंका गांधी ने कहा कि नौजवान इस देश की आंधी हैं। आप इतना संघर्ष करते हैं, आपके माता-पिता खेती करते हैं आपको पढ़ाते हैं, लेकिन आप परीक्षा देने जाते हैं तो ये घोटाला कर देते हैं। नौजवानों के दस दस साल गुजर गए, लेकिन नौकरियां नहीं मिली।इनका अहंकार बहुत बढ़ गया है। आप सोचिए आपकी संपत्ति जो देश की पीएसयू है उन्हें भी अपने दोस्तों को बेच रहे हैं। कर्मचारियों को पुराना पेंशन नहीं मिल रहा है। मोदी जी यहां आते हैं और भाषण में 50 बार कांग्रेस का नाम लेते हैं। मैं उनसे छोटी हूं और उनसे कम अनुभव है। लेकिन उन्हें एक सलाह देती हूं की जितनी बार कांग्रेस का नाम लेते हैं, उतनी बार विकास का नाम ले लीजिए। बताइए मध्य प्रदेश के लिए आपने क्या किया है। इनमें हिम्मत नहीं है कि विकास की बात कर सकें।

Back to top button