MP

बुलडोजर पर बारात निकाल फंस गए दूल्हे राजा, पुलिस ने लिया एक्शन

पुलिस ने दूल्हे के साथ बुलडोजर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है और 5,000 रुपए का जुर्माना भी लगाया है।

बैतूल (जोशहोश डेस्क) बुलडोजर पर सवार होकर दुल्हन लेने पहुंचे दूल्हे राजा सोशल मीडिया की सुर्ख़ियों में खूब रहे लेकिन अब बुलडोजर पर बारात निकालना उनके लिए सिरदर्द साबित होने लगा है। पुलिस ने दूल्हे के साथ बुलडोजर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है और 5,000 रुपए का जुर्माना भी लगाया है।

पुलिस ने इस मामले पर संज्ञान लिया है। पुलिस ने दूल्हे के साथ इस मामले में जेसीबी (बुलडोजर) चालक रवि बारस्कर पर पंजीकरण नियमों के उल्लंघन का मामला दर्ज कर 5,000 रुपए का जुर्माना लगाया। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई बैतूल पुलिस अधीक्षक सिमाला प्रसाद के निर्देश पर की गई है।

मामला बैतूल जिले के भैंसखेड़ी विकासखंड का है। यहाँ झल्लार गांव के सिविल इंजीनियर अंकुश जायसवाल ने बीते मंगलवार को शादी को यादगार बनाने के लिए एक नया काम किया था। अंकुश बारात में पारंपरिक घोड़ी, बग्गी या कार के बजाय बुलडोजर में बैठकर दुल्हन को लेने पहुंचा था। परिवार की दो महिलाएं भी बुलडोजर में सवार थीं।

अभी सियासी माहौल में जिस तरह बुलडोज़र सुर्ख़ियों में है उसके चलते बुलडोज़र में निकली बारात भी बहुत चर्चा में आ गई थी। सोशल मीडिया पर इस बारात की तस्वीरें और वीडियो जमकर वायरल हुए थे।

बुलडोज़र पर बारात निकालने वाले अंकुश जायसवाल पेशे से सिविल इंजीनियर हैं और बुलडोजर, सहित अन्य निर्माण कार्यों से जुड़ी मशीनों बनाने वाली कंपनी में काम करते हैं। अंकुश का कहना था कि इन मशीनों के बीच ही उनका पूरा दिन गुजरता है, इसलिए वह अपने पेशे से जुड़ी मशीनरियों का ही अपने विवाह में उपयोग करना चाहते थे। इसी के चलते उन्होंने अपनी शादी को यादगार बनाने के लिए बुलडोजर पर सवार होकर बारात निकाली थी।

Back to top button