MPPolitics

कमल पर कीचड़: कैबिनेट मंत्री का भाई छेड़छाड़ में अरेस्ट, झाबुआ जिलाध्यक्ष पर यौन शोषण का आरोप

शिवराज सरकार के लिए भाजपा के ही कुछ नेता और कार्यकर्ता ही परेशानी का सबब बन रहे हैं। सरकार की साख पर सवाल उठाने वाले ऐसे ही दो मामले सामने आए हैं।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) शिवराज सरकार के लिए भाजपा के ही कुछ नेता और कार्यकर्ता ही परेशानी का सबब बन रहे हैं। सरकार की साख पर सवाल उठाने वाले ऐसे ही दो मामले सामने आए हैं। जहां एक ओर शिवराज सरकार की कैबिनेट मंत्री के भाई एक छात्रावास अधीक्षिका से छेड़छाड़ के आरोप में अरेस्ट किए गए हैं। वहीं दूसरी ओर झाबुआ के जिलाध्यक्ष पर एक युवती ने यौन शोषण का गंभीर आरोप लगाया है।

झाबुआ के भाजपा जिलाध्यक्ष के खिलाफ तो शिकायत दर्ज कराने के बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की है। अब पीड़ित महिला मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के दरवाजे पर इंसाफ मांगने पहुंची है।

पहला मामला शिवराज सरकार की जनजातीय कार्य मंत्री मीना सिंह के भाई राजेंद्र उर्फ रज्जन से जुड़ा है। राजेन्द्र उर्फ रज्जन के खिलाफ ग्राम बेलसरा की छात्रावास अधीक्षिका ने छेडख़ानी की शिकायत नौरोजाबाद थाने में दर्ज कराई है। उमरिया पुलिस के मुताबिक राजेन्द्र सिंह उर्फ रज्जन छात्रावास का गेट खोलकर जबरन अंदर घुसा और छात्रावास अधीक्षिका को अपशब्द कहे। आरोपी ने छात्रावास अधीक्षिका का बदनीयती से हाथ पकड़कर चौराहे पर निर्वस्त्र करने की धमकी भी दी।

मंत्री मीना सिंह के साथ भाई राजेंद्र उर्फ रज्जन

शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध शासकीय कार्य में बाधा, छेडख़ानी और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मंत्री के भाई के विरुद्ध केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

दूसरी और मध्य प्रदेश के झाबुआ के बीजेपी जिलाध्यक्ष लक्ष्मण नायक के खिलाफ एक महिला ने बेहद संगीन आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि बीजेपी जिलाध्यक्ष न सिर्फ उस पर यौन संबंध बनाने के लिए दबाव डाल रहे हैं, बल्कि इनकार करने पर उसके बच्चों और पति को जान से मारने की धमकी भी दी है।

पीड़ित महिला की अपने पति से मनमुटाव था। सितंबर 2020 में वह अपने पति के विरुद्ध शिकायत करने पुलिस अधीक्षक कार्यालय गई थी। यहाँ उसकी मुलाकात बीजेपी जिलाध्यक्ष लक्ष्मण नायक से हुई। महिला के मुताबिक बीजेपी जिलाध्यक्ष लक्ष्मण नायक मदद के बहाने कॉल करने लगे और फिर अश्लील बातें तक करने लगे। महिला के मुताबिक शादी का झांसा देकर लक्ष्मण नायक ने उसका यौन शोषण तक किया।

पार्टी के एक कार्यक्रम में बीजेपी जिलाध्यक्ष लक्ष्मण नायक

इसी बीच महिला का उसके पति से मनमुटाव खत्म हो और वह वापस अपने पति के साथ रहने लगी। महिला का आरोप है कि इसके बाद भी बीजेपी जिलाध्यक्ष उसे फोन करके प्रताड़ित करता रहा। महिला के मुताबिक बीजेपी जिलाध्यक्ष ने उसे धमकी दी है कि अगर वह उसके साथ संबंध नहीं बनाएगी तो उसके पति और दोनों बेटों को जान से मार दिया जाएगा।

महिला का आरोप है कि उसने इस मामले की लिखित शिकायत थाने में दी है, लेकिन एक महीने से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। आरोपी के राजनीतिक रसूख की वजह से पुलिस उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। अब पीड़ित महिला मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से इंसाफ मांगने भोपाल पहुंची है। हालांकि बीजेपी जिलाध्यक्ष लक्ष्मण नायक ने महिला के आरोपो को साजिश बताया है।

गौरतलब है कि इससे पहले सीधी जिले के भाजपा अध्यक्ष इंद्रशरण सिंह चौहान का एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जिसमें वे एक महिला के साथ आपत्तिजनक बातेें करते सुनाई दे रहे थे। वे महिला को पति से अलग रहने घर देने की बात करते हुए उसके सुंदर फोटो भेजने के लिए दबाव भी बना रहे थे।

Back to top button