MP

श्योपुर कलेक्टर-SP नपे: मुरैना में जहरीली शराब से मौतों पर हटाए सुजानिया को कमान

बाढ़ प्रभावित श्योपुर के कलेक्टर और एसपी रविवार को बदल दिए गए।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) ग्वालियर-चंबल अंचल के बाढ़ प्रभावित श्योपुर के कलेक्टर और एसपी रविवार को बदल दिए गए। मध्‍यप्रदेश शासन के आदेश के मुताबिक श्योपुर जिला कलेक्टर राकेश श्रीवास्तव के स्‍थान पर ग्वालियर के नगर-निगम कमिश्‍नर शिवम वर्मा को नया कलेक्टर बनाया गया है वहीं संपत उपाध्याय के स्थान पर अब अनुराग सुजानिया श्योपुर के नए पुलिस अधीक्षक होंगे। अनुराग सुजानिया को जनवरी में ही मुरैना में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद हटाया था।

श्‍योपुर जिला कलेक्‍टर राकेश श्रीवास्‍तव को मध्‍य प्रदेश सरकार के सचिवालय में उपसचिव के पद पर स्थानांतरित किया गया है। एसपी संपत उपाध्‍याय को अब मध्‍य प्रदेश पुलिस मुख्‍यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक के पद पर भेजा गया है। श्योपुर के कलेक्टर और एसपी के तबादले को केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के दौरे से जोड़ कर भी देखा जा रहा है।

दरअसल, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के शनिवार के दौरे के दौरान स्थानीय लोगों ने उनसे से शिकायत की कि प्रशासन ने बाढ़ के बारे में समय पर लोगों को सतर्क नहीं किया और यह जिला प्रशासन की विफलता है। केंद्रीय मंत्री तोमर को भारी जनविरोध का सामना भी करना पड़ा था। यहाँ तक कि उनके काफिले पर भी आक्रोशित लोगों ने पथराव तक कर दिया था। सोशल मीडिया पर भी कलेक्टर और एसपी को हटाए जाने की मांग चल रही थी।

यह भी पढ़ें- मंत्री तोमर पर फूटा बाढ़ पीड़ितों का गुस्सा, काफिला घेरा, नारेबाजी-पथराव

दूसरी ओर मुरैना में जहरीली शराब से 20 से ज्यादा मौतों के बाद हटाए गए अनुराग सुजानिया को श्योपुर में तैनात किये जाने पर सवाल उठ रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता केके मिश्रा ने इसे लेकर शिवराज सरकार पर निशाना साधा है-

गौरतलब है कि मुरैना में जहरीली शराब हुई मौतों के बाद शिवराज सरकार ने जिला कलेक्टर अनुराग वर्मा और एसपी अनुराग सुजानिया को हटा दिया था। जौरा एसडीओपी सुजीत भदौरिया पर भी गाज गिरी जहरीली शराब की गाज गिरी थी। तब कलेक्टर अनुराग वर्मा की जगह भरत यादव को मुरैना को नया कलेक्टर बनाया गया था जबकिअनुराग सुजानिया की जगह रघुवंश सिंह भदौरिया मुरैना के नए एसपी बनाये गए थे।

Back to top button