MP

BJP के महासंपर्क अभियान में आड़े आ रहा सम्मान, क्या MP में विदाई की बेला?

महासम्पर्क अभियान में खुलकर प्रदर्शित हो रहा कार्यकर्ताओं का असंतोष

आगर मालवा/भोपाल (जोशहोश डेस्क) मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले सत्ताधारी भाजपा की दुविधा लगातार बढ़ती जा रही है। एक और पार्टी के सीनियर नेताओं के बीच उठापटक की स्थिति है। वहीं कार्यकर्ताओं का असंतोष भी खुलकर सामने आ रहा है। यह असंतोष अब महासम्पर्क अभियान में खुलकर प्रदर्शित हो रहा है।

ऐसा ही नज़ारा आगर मालवा में पार्टी के महासंपर्क अभियान में दिखाई दिया। यहाँ भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनय सहस्त्रबुद्धे और स्थानीय सांसद रोडमल नागर नलखेड़ा में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने ही उनका विरोध शुरू कर दिया। कार्यकर्ताओं की शिकायत थी कि पार्टी में उन्हें उचित सम्मान नहीं दिया जा रहा है। इसके चलते कार्यकर्ताओं में आक्रोश है।

सोशल मीडिया पर कार्यकर्ताओं के द्वारा विनय सहस्त्रबुद्धे और रोडमल नागर के साथ बहसबाजी का वीडियो भी वायरल है। वीडियो को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चीफ कमलनाथ के मीडिया सलाहकार पीयूष बबेले ने तंज़ कैसा है।

पीयूष बबेले ने सोशल मीडिया पर लिखा कि बीजेपी के वरिष्ठ नेता विनय सहस्रबुद्धे नलखेड़ा में कार्यकर्ताओं से मिलने आये थे लेकिन कार्यकर्ताओं ने इस दौरान जमकर हंगामा किया। हारी हुई फ़ौज के सेनापति की जो दुर्गति होती है, वही भाजपा के शीर्ष नेताओं की हो रही है। यह विदाई वेला का रुदन है।

बताया जा रहा है कि पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनय सहस्त्रबुद्धे और सांसद रोडमल नागर के सामने विवाद का कारण पार्टी में आयातित नेता हैं। जिन्हे पार्टी के मूल कार्यकर्ता पचा नहीं पा रहे हैं। बड़ी बात यह है कि इस तरह के हालत अकेले राजगढ़ में नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में बताये जा रहे हैं। खासकर ग्वालियर चम्बल में तो पार्टी के सामने यह बड़ा संकट है।

Back to top button