MPNational

कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में MP से अकेले कमलनाथ, जी-23 नेता लिस्ट से बाहर

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में मध्यप्रदेश से सिर्फ कमलनाथ का नाम शामिल है।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में मध्यप्रदेश से सिर्फ कमलनाथ का नाम शामिल है। बड़ी बात यह है कि लिस्ट में कांग्रेस के जी-23 में शामिल किसी भी नेता का नाम नहीं है।

लिस्ट में 30 नाम हैं। इनमें पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के अलावा सोनिया गांधी, राहुल गांधी प्रियंका गांधी वाड्रा के अलावा राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, सचिन पायलट और नवजोत सिंह सिद्धू जैसे नाम हैं।

वहीं इस लिस्ट में कांग्रेस के असंतुष्ट कहे जा रहे जी-23 के किसी भी नेता का नाम शामिल नहीं है। माना जा रहा है कि कांग्रेस आलाकमान जी-23 नेताओं को लेकर नरमी दिखाने के पक्ष में नहीं है। यही कारण है कि इस गुट के किसी भी नेता को स्टार प्रचारकों की लिस्ट में शामिल नहीं किया गया है।

पश्चिम बंगाल में वैसे भी मुख्य मुकाबला सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और भारतीय जनता पार्टी के बीच माना जा रहा है। कांग्रेस राज्य में लेफ्ट के साथ गठबंधन कर चुनावी मैदान में है। हालांकि राज्य में पार्टी का संगठन भी टीएमसी और भाजपा के मुकाबले बेहद कमजोर माना जा रहा है।

अगर मध्यप्रदेश की बात करें तो इस लिस्ट में कमलनाथ के अलावा किसी भी नेता का नाम शामिल नहीं हैं। वहीं भाजपा ने मध्यप्रदेश के दिग्गज नेता कैलाश विजयवर्गीय को ही पश्चिम बंगाल का चुनाव प्रभारी बनाया हुआ है। विजयवर्गीय के अलावा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा और सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते को पार्टी ने स्टार प्रचारकों में शामिल किया है।

पश्चिम बंगाल में आठ चरणों में मतदान होना है। पहले चरण की वोटिंग 27 मार्च को होगी। चुनाव नतीजे चार अन्य राज्यों के साथ दो मई को ही घोषित किए जाएंगे।

Back to top button