MP

इंदौर में बढ़ेगा 30 अप्रैल तक लॉकडाउन? जानें मध्यप्रदेश के इन जिलों के हाल

भोपाल (जोशहोश डेस्क) मध्यप्रदेश में कोरोना की रफ्तार कम नहीं हो रही है। मध्यप्रदेश के बिगड़ते हालात और बढ़ता कोरोना आंकड़ा भयावह होता जा रहा है। प्रदेश के 4 बड़े शहरों में भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर में कोरोना का ग्राफ बढ़ता ही जा रहा है। इंदौर में संक्रमण की मौजूदा स्थिति को देखते हुए लॉकडाउन 30 अप्रैल तक बढ़ाया जा सकता है। जिले की क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटी की बैठक में इस पर चर्चा हुई है। कमेटी के सदस्यों के मुताबिक जनता की तरफ से लॉकडाउन बढ़ाने का फीडबैक आया है। अभी लॉकडाउन 19 अप्रैल तक है।

इंदौर में अब जनता कर्फ्यू के नाम से लॉकडाउन बढ़ाया जा सकता है। यह संकेत मंत्री तुलसी सिलावट ने शुक्रवार रात दे दिए। उन्होंने कहा कि इंदौर में संक्रमण स्थिर हुआ है, लेकिन चेन तोड़ने के लिए जनता कर्फ्यू पर सहमति बनी है। इसमें जनता को परेशानी न हो, यह फैसला शनिवार को किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार इंदौर में एक से दाे सप्ताह का लॉकडाउन बढ़ाया जा सकता है, लेकिन इसमें रियायतें अधिक रह सकती हैं। शुक्रवार को जिला प्रसाशन और जनप्रतिनिधियों की बैठक में तय किया गया कि शनिवार को क्राइसिस मैनेजमेंट इस पर निर्णय ले लिया जाएगा।

इंदौर में 24 घंटे में 1,656 नए केस आए, जबकि 7 लोगों की जान गई। एक्टिव केस 10 हजार से ज्यादा हैं। यहां अब तक कुल 87,625 संक्रमित मिल चुके हैं और 1,040 लोगों की मौत हुई है।

भोपाल में लगातार दूसरे दिन इंदौर के मुकाबले ज्यादा मरीज सामने आए। 24 घंटे के अंदर 1,669 नए केस आए और 6 लोगों की मौत हुई लेकिन श्मशान घाटों पर 118 शव पहुंचे थे, जिनका कोरोना प्रोटोकॉल से अंतिम संस्कार किया गया।

जबलपुर में 798 नए संक्रमित मिले हैं, 7 लोगों की मौत हुई है। पिछले 24 घंटे में 2,812 सैंपल की जांच की गई थी। यहां संक्रमण दर 28% से ज्यादा है। एक्टिव केस 5,102 हो गए हैं।

ग्वालियर में 24 घंटे में 4,126 लोगों के सैंपल की रिपोर्ट आई है, इनमें से 1,029 संक्रमित निकले हैं। यह आंकड़ा अब तक का सबसे बड़ा है। 5 संक्रमितों की मौत हुई है। इसमें से 2 की उम्र 25 से 30 साल थी। ग्वालियर में एक्टिव केस बढ़कर 5,130 हो गए हैं।

Back to top button