Politics

10 हजार करोड़ के लेनदेन तक पहुँची मंत्री तोमर के बेटे की ‘वायरल वीडियो’ डील?

देवेंद्र प्रताप सिंह तोमर से जुड़ा का एक और वीडियो वायरल, सबूतों के साथ सामने आया शख्स

भोपाल (जोशहोश डेस्क) मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव से ठीक पहले केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के बेटे देवेंद्र तोमर को लेकर एक और सनसनीखेज वीडियो सामने आया है। ताज़ा वीडियो उस व्यक्ति का बताया जा रहा है जिससे पिछले दो वीडियो में देवेंद्र तोमर बातचीत करते नज़र आ रहे थे। नए वीडियो में इस शख्स ने सबूतों के साथ पूर्व में वायरल दो वीडियो की सत्यता की पुष्टि की है और पूरे मामले को 10 हज़ार करोड़ से ज्यादा के लेनदेन का बताया है।

कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के बडे़ बेटे देवेंद्र प्रताप सिंह तोमर से जुड़ा का एक और वीडियो मंगलवार को जारी किया। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने केंद्रीय मंत्री के बेटे के साथ लेन-देन की चर्चा करने वाले व्यक्ति का वीडियो दिखाया। इस वीडियो में व्यक्ति दावा कर रहा है कि पिछले कुछ दिनों से चल रहे वीडियो में देवेंद्र तोमर से जो व्यक्ति बातचीत कर रहा है, वह मैं ही हूं।

सुप्रिया श्रीनेत ने कहा- अब सरकार को किस बात का इंतजार है? इन लोगो ने कनाडा में 100 एकड़ ‌की बेनामी जमीन खरीदी है। इसके छींटे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तक पहुंच रहे हैं। गांजे की खेती में तोमर परिवार लिप्त है। यह सीबीआई, ईडी और नारकोटिक्स का मामला है। गांजे की खेती में तोमर परिवार पैसा लगाना चाह रहा है।

https://x.com/INCMP/status/1724398114805875144?s=20

वीडियो में देवेंद्र प्रताप सिंह से बातचीत करने वाला दूसरा व्यक्ति अपना नाम जगमनदीप सिंह बताया है और वह कनाडा में रहता है। वह कहता है कि चार पांच दिन से जो वीडियो वायरल हो रहा है। वह वीडियो केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के बेटे देवेंद्र सिंह तोमर का है। वीडियो में दूसरी आवाज मेरी है। वह वीडियो मेरे घर में बना है। वीडियो की बातचीत सही है। उसमें खनन की कंपनी से पैसे का लेन देन हुआ है। जगमनदीप सिंह बताते हैं कि उनकी देवेंद्र प्रताप सिंह से 2018 में दोस्ती हुई थी। वह लॉकडाउन के समय मार्च 2020 को देवेंद्र प्रताप सिंह से मिलने इंडिया आया था।

शख्स ने कहा कि वह कनाड़ा में गांजा और भांग की खेती करता है। देवेंद्र प्रताप सिंह को भी गांजा और भांग की खेती करना थी। उस समय देवेंद्र प्रताप सिंह ने गांजा की खेती करने की इच्छा जताई थी, लेकिन पैसा आने पर खेती में लगाने की बात कही थी। वीडियो में त्यागी नाम के शख्स का जिक्र होने पर कहा कि उनके पास उनके प्रूफ है। शख्स वीडियो बनाने वाले का नाम न बताने की बात करते हुए कहता है कि उनके दादा फ्रीडम फाइटर थे। लेकिन उनके पिता राजनीति में नहीं गए तो वे कनाडा आकर बस गए।

वीडियो में शख्स बताता है कि पैसों का लेनदेन गुरुद्वारा कमेटी के अध्यक्ष मनजिंदर सिंह सिरसा के सहयोग से होता था। वह वीडियो में आरोप लगाता है कि सिरसा नकदी लेकर वायर के जरिए यह पैसा मंत्री के बेटे को दे देता था। वह आगे कहता है कि यह 500 करोड़ का मामला नहीं है। यह 10 हजार करोड़ का मामला है। वीडियो में शख्स देवेंद्र सिंह तोमर की पत्नी हर्षिनी का भी जिक्र कर उनके साथ उसकी चैट को दिखाता है। आगे कहता है कि उनके द्वारा 100 एकड़ जमीन बेनामी कंपनियों के नाम पर खरीदी गई है। वायरल वीडियो में एयरपोर्ट पर रुकी पार्सल के जिक्र के बारे में कहा है कि उसमें मेकअप और गांजा था।

नया वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने फिर शिवराज सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर लिखा कि शिवराज जी, अब तो ज़ुबान खोल दो…कुछ तो बोल दो? “बीजेपी मतलब भ्रष्टाचार”

https://x.com/INCMP/status/1724389617066000677?s=20

इधर केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने वायरल विडियो को कूटरचित बताया है उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि आज सोशल मीडिया पर एक कूट रचित वीडियो मेरे बेटे से संबंधित वायरल किया गया है। यह एक सुनियोजित षड्यंत्र का हिस्सा है जो चुनाव के समय विपक्ष के द्वारा जनता को भ्रमित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

https://x.com/nstomar/status/1724424803442888788?s=20

गौरतलब है कि मंत्री तोमर के बेटे का वीडियो सामने आने के बाद से मध्य प्रदेश की सियासत में खलबली मच गई है। भाजपा नेताओं को इस मामले में जवाब देते नहीं बन रहा है। तोमर के बेटे ने सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूरी बना ली है। इधर, कांग्रेस लगातार पूछ रही है कि इस मामले में ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स की रेड क्यों नहीं होती?

Back to top button