Politics

राजस्थान के घटनाक्रम पर सख्त कांग्रेस, कमलनाथ को बुलाया दिल्ली!

राजस्थान के घटनाक्रम के बाद भी कांग्रेस की पहली प्राथमिकता भारत जोड़ो यात्रा, कमलनाथ को भी दिल्ली बुलाये जाने की खबर।

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) राजस्थान में हुए सियासी घटनाक्रम के बाद कांग्रेस आलाकमान के तेवर सख्त नजर आ रहे हैं। वहीं अध्यक्ष चुनाव की सरगर्मी और राजस्थान के घटनाक्रम के बाद भी कांग्रेस की पहली प्राथमिकता भारत जोड़ो यात्रा ही बनी हुई है। साथ ही मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ को भी दिल्ली बुलाये जाने की खबर है।

राजस्थान के बड़े सियासी घटनाक्रम के बीच भी सोमवार को भारत जोड़ो यात्रा पूर्व निर्धारित समय सुबह साढ़े छह बजे शुरू हो गई और कार्यकर्ताओं के अलावा बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने इस यात्रा में राहुल गांधी के साथ कदमताल किया।

बताया जा रहा है कि कांग्रेस 2024 के आम चुनाव के लिए भारत जोड़ो यात्रा को बेहद अहम मान रही है। कांग्रेस का यह भी मानना है कि राजस्थान के घटनाक्रम से भाजपा को भारत जोड़ो यात्रा पर सवाल उठाने का मौका मिला है। ऐसे में कांग्रेस आलाकमान राजस्थान के सियासी घटनाक्रम पर सख्त नज़र आ रहा है।

इधर कहा यह जा रहा है कि राजस्थान के घटनाक्रम ने अशोक गहलोत की अध्यक्ष पद की दावेदारी को कमजोर किया है। राजस्थान कांग्रेस के प्रभारी अजय माकन भी दिल्ली लौट रहे हैं। वे अपनी रिपोर्ट कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को सौपेंगे। माना जा रहा है कि इस रिपोर्ट के आधार पर कांग्रेस राजस्थान को लेकर अपना अगला कदम उठायेगी।

वहीं एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ को भी दिल्ली बुलाया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक कमलनाथ दिल्ली में पहले सोनिया गांधी से मुलाकात करेंगे और फिर जयपुर रवाना होंगे। उम्मीद की जा रही है कि कमलनाथ अपनी वरिष्ठता के चलते इस सियासी संकट में कांग्रेस के लिए अहम भूमिका निभा सकते हैं।

Back to top button