उपचुनाव: पांच सीटों पर काउंटिंग, कांग्रेस 2 सीट पर आगे-BJP खाली हाथ
पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में चार राज्य जीतने वाली भाजपा इन पांच सीटों के उपचुनाव में खाता खोलती भी नजर नहीं आ रही है।
![](https://joshhosh.com/wp-content/uploads/2022/04/bjp-congress.jpg)
नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) देश के अलग-अलग राज्यों में एक लोकसभा और चार विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के बाद शनिवार को मतगणना जारी है। हाल ही में पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में चार राज्य जीतने वाली भाजपा इन पांच सीटों के उपचुनाव में खाता खोलती भी नजर नहीं आ रही है। छत्तीसगढ़ की खैरागढ़ विधानसभा सीट पर कांग्रेस निर्णायक बढ़त बना चुकी है।
देश की एक लोकसभा और चार विधानसभा सीटों पर 12 अप्रैल को हुए मतदान के बाद वोटों की गिनती शनिवार सुबह प्रारंभ हुई। उपचुनाव में भाजपा सभी सीटों पर पीछे चल रही है। वहीं टीएमसी आसनसोल लोकसभा सीट और बालीगंज विधानसभा सीट पर आगे चल रही है। कांग्रेस छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ और महाराष्ट्र के कोल्हापुर उत्तर में आगे चल रही है। वहीं बिहार के बोचहां में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) आगे है।
छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस उम्मीदवार और खैरागढ़ प्रखंड इकाई की अध्यक्ष यशोदा वर्मा आगे चल रही हैं। यहाँ कुल 10 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होना है। बीते साल साल नवंबर में जेसीसी (जे) विधायक और पूर्व सांसद देवव्रत सिंह के निधन के बाद यहां उपचुनाव हुआ है। जेसीसी (जे) ने यहाँ नरेंद्र सोनी को और भाजपा ने पूर्व विधायक कोमल जंघेल को मैदान में उतारा है।
महाराष्ट्र की कोल्हापुर उत्तर विधानसभा सीट पर 12वें राउंड की गिनती के बाद कांग्रेस प्रत्याशी जयश्री जाधव करीब 9225 वोटों से लीड कर रही हैं। इस सीट पर कांग्रेस विधायक चंद्रकांत जाधव के निधन के बाद उपचुनाव में महाविकास आघाडी ने चंद्रकांत जाधव की पत्नी जयश्री जाधव को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा प्रत्याशी सत्यजीत कदम तकरीबन हर राउंड के बाद पिछड़ते जा रहे हैं।
पश्चिम बंगाल में टीएमसी अपना दबदबा बनाये हुए है। आसनसोल लोकसभा सीट से टीएमसी प्रत्याशी शत्रुघ्न सिन्हा शुरुआती मुकाबले के बाद अब बड़े अंतर से आगे चल रहे हैं। वहीं बालीगंज विधानसभा सीट पर भाजपा छोड़कर टीएमसी में आये बाबुल सुप्रियो लीड बनाए हुए हैं।
बिहार की बोचहां विधानसभा सीट पर 11 वे राउंड के बाद आरजेडी की बढ़त बरकरार है। इस सीट पर आरजेडी के अमर पासवान 11 वे राउंड के बाद करीब 17 हजार वोटों की लीड हासिल कर चुके हैं। हाल ही में एनडीए गठबंधन से अलग हुए मुकेश साहनी की पार्टी वीआईपी इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी बेबी कुमारी का खेल खराब करती नजर आ रही हैं।