Politics

सावरकर की अंग्रेजों को चिट्ठी- सर, मैं आपका सेवक रहना चाहता हूं

राहुल गांधी ने डॉक्यूमेंट का हवाला देकर उठाए सवाल, कहा- सावरकर ने डर के कारण माफीनामे पर किये थे हस्ताक्षर

मुंबई (जोशहोश डेस्क) कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा इन दिनों महाराष्ट्र में है। राहुल गांधी अपनी यात्रा में भाजपा और राष्टीय स्वयं सेवक संघ पर नफरत की राजनीति करने का करने का लगातार आरोप लगा रहे हैं। गुरुवार को भी उन्होंने एक डॉक्यूमेंट के हवाले से सावरकर पर सवाल उठाए। इसके बाद महाराष्ट्र की सियासत में उबाल आ गया।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने महाराष्ट्र के अकोला में सावरकर द्वारा लिखी गई दया याचिका की प्रति दिखाते हुए कहा-सावरकर जी ने इसमें लिखा है, ‘मैं प्रार्थना करता हूं, सर, मैं सदा आपका आज्ञाकारी सेवक बना रहूंगा…’ जब उन्होंने इस खत पर दस्तखत किए, क्या वजह थी…?

राहुल गांधी ने यह दावा भी किया, जब सावरकर जी ने माफीनामे पर हस्ताक्षर किए तो उसका कारण डर था। अगर वह डरते नहीं तो वह कभी हस्ताक्षर नहीं करते। इससे उन्होंने महात्मा गांधी और उस वक्त के नेताओं के साथ धोखा किया। उन्होंने कहा कि देश में एक तरफ महात्मा गांधी की विचारधारा है और दूसरी सावरकर से जुड़ी विचारधारा।

इससे पहले राहुल गांधी ने कहा था कि सावरकर ने अंग्रेजों को दया याचिका लिखी। “उन्हें दो-तीन साल तक अंडमान में कैद रखा गया। इसके बाद उन्होंने दया याचिका लिखना शुरू कर दिया। राहुल गांधी ने आगे कहा कि वे अंग्रेजों से पेंशन प्राप्त कर रहे थे, उनके लिए काम कर रहे थे और कांग्रेस के खिलाफ काम कर रहे थे।

राहुल गांधी की सावरकर पर टिप्पणी से महाराष्ट्र में सियासी तूफान आ गया। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को चेतावनी दी कि राज्य के लोग सावरकर का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे। उनके गुट ने सावरकर का अपमान करने के लिए महाराष्ट्र में भारत जोड़ो यात्रा को रोकने की मांग की है।

वहीं उद्धव ठाकरे ने कहा, “राहुल गांधी ने जो कहा, हम उससे सहमत नहीं हैं… हम वीर सावरकर का सम्मान करते हैं… लेकिन साथ ही जब हम पर सवाल उठाए जा रहे हैं, BJP को यह भी बताना चाहिए, वे जम्मू एवं कश्मीर में PDP के साथ मिलकर सत्ता में क्यों थे?

इधर कांग्रेस राहुल गांधी के बयान के समर्थन में है। राहुल गांधी की सावरकर पर टिप्पणी को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने गुरुवार को ही गुजरात में कहा- यह सच्चाई है… सावरकर ही थे, जिन्होंने ब्रिटिश से माफी मांगी थी और देश को अंग्रेज़ों के हाथ बेच दिया था… मैं भी यही कहूंगा।

गौरतलब है कि महाराष्ट्र में आज ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का 11वां दिन है। यात्रा को बॉलीवुड का लगातार समर्थन मिल रहा है। बॉलीवुड एक्ट्रेस और फिल्ममेकर पूजा भट्ट, एक्टर सुशांत सिंह के बाद गुरुवार को एक्ट्रेस रिया सेन भी इस यात्रा का हिस्सा बनी और राहुल गांधी के साथ इस यात्रा में कदमताल करती नज़र आईं।

राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा अब तक 1550 किमी से अधिक की दूरी तय कर चुकी है। 7 सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई यह यात्रा अब तक छह राज्यों के 28 जिलों से होकर गुजर चुकी है। महाराष्ट्र के बाद यह यात्रा मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब होते हुए जम्मू-कश्मीर पहुंचेगी।

भारत जोड़ो यात्रा का अगला पड़ाव मध्यप्रदेश है। मध्यप्रदेश में अब यात्रा 20 नवंबर के बजाय 23 नवंबर को एंट्री करेगी। बताया जा रहा है कि 21 और 22 नवंबर राहुल गांधी गुजरात चुनाव के लिए जाएंगे। इस अवधि के बाद 23 नवंबर को यात्रा शुरू होगी। मध्यप्रदेश में भी यात्रा 350 किलोमीटर से अधिक का सफर तय करेगी। इस दौरान राहुल गांधी बाबा महाकाल के दर्शन करेंगे और संविधान निर्माता बाबासाहेब आंबेडकर और आदिवासी समाज के महानायक टंट्या भील की जन्मस्थली पर भी जाएंगे।

Back to top button