Politics

विधायक संजय शुक्ला होंगे इंदौर में कांग्रेस के महापौर कैंडिडेट, चुनाव प्रभारी का ऐलान

विधायक संजय शुक्ला इंदौर में महापौर पद के लिए कांग्रेस के उम्मीदवार होंगे। चुनाव प्रभारी विजयलक्ष्मी साधौ ने गुरुवार को कार्यकर्ता सम्मेलन में ये ऐलान किया।

इंदौर (जोशहोश डेस्क) विधायक संजय शुक्ला ( Sanjay Shukla) इंदौर में महापौर पद के लिए कांग्रेस के उम्मीदवार होंगे। चुनाव प्रभारी और पूर्व मंत्री विजयलक्ष्मी साधौ ने गुरुवार को कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन में यह ऐलान कर दिया।

इंदौर को भारतीय जनता पार्टी का बड़ा गढ़ माना जाता है। कांग्रेस ने भाजपा के इस गढ़ को भेदने के लिए इस बार जबर्दस्त सक्रियता दिखाते हुए विधायक संजय शुक्ला के नाम को हरी झंडी दे दी है। शहर कांग्रेस द्वारा आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में टिकट वितरण के लिए बनाई गई समिति के सदस्यों ने सभी बड़े नेताओं के बीच संजय शुक्ला के नाम का ऐलान कर दिया।

चुनाव प्रभारी बनाई गईं पूर्व मंत्री विजयलक्ष्मी साधौ ने कार्यकर्ता सम्मेलन में कहा कि संजय शुक्ला को मैं लोकप्रिय विधायक कहूं या भावी महापौर? अब तक मेरा भाई अघोषित था पर अब संजय शुक्ला घोषित महापौर प्रत्याशी हैं। साधौ ने यह भी कहा कि यह इंदौर की जनता का सर्वे बोल रहा है, हम कांग्रेसी नहीं।

कार्यकर्ता सम्मेलन में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, जीतू पटवारी, कांग्रेस जिला अध्यक्ष विनय बाकलीवाल समेत निकाय चुनाव समिति के सदस्य भी मौजूद थे। इंदौर के दिग्गज नेताओं के बीच चुनाव प्रभारी के ऐलान ने कांग्रेस की महापौर चुनाव में तस्वीर साफ कर दी है।

संजय शुक्ला इंदौर-1 से सुदर्शन गुप्ता जैसे दिग्गज को हराकर विधायक बने थे। इसके बाद से ही वे लगातार सक्रिय हैं। महापौर पद के लिए राउ विधायक और पूर्व मंत्री जीतू पटवारी का नाम भी चला था लेकिन पटवारी के इनकार के बाद यह माना जा था कि संजय शुक्ला ही महापौर पद के उम्मीदवार होंगे।

संजय शुक्ला को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का करीबी भी माना जाता है। ऐसे में संजय शुक्ला का नाम लगभग तय ही था। अब देखना यह है कि भाजपा यहां किसे अपना उम्मीदवार बनाती है?

बीस सालों का सूखा खत्म करना चुनौती
संजय शुक्ला के सामने इंदौर में महापौर पद के लिए कांग्रेस के 20 साल से चल रहे सूखे को खत्म करना बड़ी चुनौती होगा। इंदौर में इससे पहले कैलाश विजयवर्गीय, उमाशशि शर्मा, कृष्ण मुरारी मोघे और मालिनी गौड़ महापौर पद के चुनाव में कांग्रेसी उम्मीदवारों को शिकस्त दे चुके हैं। सांसद शंकर ललवानी ने लोकसभा चुनाव में यहां मध्यप्रदेश में सबसे बड़ी जीत दर्ज की थी। हाल ही में इंदौर की सांवेर सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा के तुलसीराम सिलावट ने भी रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल की थी।

Back to top button