MP

रिश्ता निभाने से बनता है, वरना मामा तो कंस भी थे, प्रियंका का शिवराज पर हमला

लगातार दूसरे दिन मध्यप्रदेश के चुनावी दौरे पर प्रियंका गांधी

सतना (जोशहोश डेस्क) आप सब अपनी समस्या कहते हैं, शिवराज जी कहते हैं कि घबराओ मत, मैं आपका मामा हूं। युवा बेरोज़गार हैं, महिलाओं के साथ अत्याचार हो रहा है, घोटाले हो रहे हैं, – वो कहते हैं कि हम मामा हैं। रिश्ता तो निभाने से बनता है, वरना कंस भी मामा थे।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर यह तीखा हमला सतना जिले की चित्रकूट विधानसभा में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए किया। प्रियंका गांधी ने कहा कि मोदी सरकार कहती है- किसानों का कर्ज माफ करने के लिए पैसा नहीं है लेकिन फिर PM मोदी अपने लिए 16 हजार करोड़ रुपए के 2 हवाई जहाज खरीद लेते हैं। ये पैसे उनके पास कहां से आए… वे तो खुद को फकीर कहते हैं।

प्रियंका ने आगे कहा कि काम मत करो, चुनाव आने पर झूठे वादे कर दो, जाति की बात, धर्म की बात कर दो, लोगों को आपस में लड़ाने की चाल चलो, यह उनका तरीका है। ठोस काम करो, पक्के वादे करो, जो वादा करो, उसे जल्द से जल्द पूरा करने के लिये जान लड़ा दो, सबसे बड़े फैसले सरकार बनने के बाद मंत्रिमंडल की पहली ही बैठक में ले लो, यह हमारा तरीका है। यह तय आप कीजिये कि कौन सा तरीका सही है।

https://x.com/INCMP/status/1722506168889741720?s=20

किसान कर्जमाफी पर प्रियंका गांधी ने कहा कि मध्यप्रदेश में पिछली बार जब आपने कांग्रेस की सरकार चुनी थी, तब भी हमने किसानों के कर्ज माफ किए थे। राजस्थान, छत्तीसगढ़ में हम किसानों के कर्ज माफ कर रहे हैं और यहां भी कांग्रेस की सरकार बनते ही हम किसानों के कर्ज माफ करेंगे।

गौरतलब है कि प्रियंका गांधी लगातार दूसरे दिन गुरुवार को मध्यप्रदेश के चुनावी दौरे पर थीं। बुधवार को उन्होंने मालवा अंचल की सीटों पर चुनावी सभाओं को संबोधित किया था। साथ ही इंदौर -1 विधानसभा सीट पर रोड शो कर कांग्रेस उम्मीदवार संजय शुक्ला को जिताने की अपील की थी। प्रियंका को इंदौर में व्यापक समर्थन मिला था।

Back to top button