Chhattisgarh

छत्तीसगढ़: CRPF जवान ने AK-47 से की फायरिंग, 4 साथियों की मौत

2 जवानों की हालत गंभीर, फायरिंग का कारण अज्ञात, आरोपी जवान से हिरासत में पूछताछ।

रायपुर (जोशहोश डेस्क) सुकमा कैंप में रविवार देर रात आपसी विवाद के बाद केंद्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) के एक जवान द्वारा की गई फायरिंग में 4 जवानों की मौत हो गई। फायरिंग में तीन जवान 3 घायल हुए हैं। इनमें 2 की हालत गंभीर है। घायल जवानों को रायपुर लाया गया है। आरोपी जवान को हिरासत में ले लिया गया है। फायरिंग क्यों की गई अभी यह पता नहीं चल सका है।

फायरिंग की घटना कोंटा विकासखंड के ग्राम लिंगनपल्ली स्थित 217 बटालियन कैंप की है। यहाँ CRPF के जवान रितेश रंजन ने देर रात अपने साथियों पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से 2 जवानों की मौके पर ही मौत हो गई। घायल 5 जवानों को 11 किमी दूर तेलंगाना स्थित भद्राचलम के अस्पताल ले जाया गया। जहाँ 2 जवानों ने दम तोड़ दिया। दो जवानों को रायपुर रेफर किया गया है।

बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली थी कि आज तड़के करीब 3.30 बजे एक जवान ने विवाद के बाद अपनी एके-47 राइफल से अन्य जवानों पर गोली चला दी। जानकारी मिलते ही अन्य जवान और अधिकारी वहां पहुंचे तथा आरोपी जवान को पकड़ लिया।पुलिस आरोपी जवान से पूछताछ कर रही है.

बताया जा रहा है कि एक दिन पहले भी आरोपी जवान का उसका साथी जवानों से विवाद हुआ था। फायरिंग में मारे गए 2 जवान धांजी और राजमणि कुमार यादव बिहार के रहने वाले थे, जबकि जवान राजीब मंडल पश्चिम बंगाल का निवासी था।

घटना से साफ़ है कि नक्सली हमले से ​निपटने के लिए तैनात किए गए सीआरपीएफ जवान भारी तनाव से गुजर रहे हैं। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवान और अधिकारी लंबे समय तक अपने घर और परिवार से दूर रहते हैं। जो कई बार अवसाद का कारण भी बन जाता है। पहले भी इस तरह की खबरें आ चुकी हैं।

Back to top button