MP

BJP कार्यालय पर हंगामा-घेराव, बिगड़े बोल पर मंत्री बिसाहुलाल ने मांगी माफी

मंत्री बिसाहुलाल सिंह का विरोध भाजपा कार्यालय तक पहुंचा, विवाद बढ़ता देख मांगी सार्वजनिक माफी।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) राजपूत समाज की महिलाओं को लेकर बेतुकी टिप्पणी पर शिवराज सरकार के मंत्री बिसाहुलाल सिंह का विरोध भाजपा कार्यालय तक पहुंच गया। करणी सेना ने भाजपा कार्यालय में मंत्री बिसाहुलाल सिंह का घेराव कर हंगामा किया। बड़े पैमाने पर हो रहे विरोध को देख मंत्री बिसाहुलाल ने अपने बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली।

भाजपा कार्यालय पहुंचे मंत्री बिसाहुलाल को कार को करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने घेर लिया। इस दौरान करणी सेना ने मंत्री बिसाहुलाल को काले झंडे दिखाए और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

अपने बयान पर विपक्ष के हमलावर रुख और करणी सेना की चेतावनी के बाद दबाव में आये मंत्री बिसाहूलाल ने सार्वजनिक रूप से माफी भी मांग ली। उन्होंने पहले मौखिक रूप से अपने कहे पर खेद व्यक्त किया और फिर एक बयान जारी कर माफी मांगी। उन्होंने कहा कि मेरा मकसद किसी को ठेस पहुंचाना नहीं था। मेरा संबोधन महिलाओं को सभी क्षेत्र में बराबरी देने को लेकर था।

इससे पहले करणी सेना ने शक्रवार को प्रदेशव्यापी प्रदर्शन कर मंत्री बिसाहुलाल सिंह का पुतला दहन कर आक्रोश जताया। राजधानी भोपाल में भी करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने मंत्री बिसाहुलाल के निवास पर पुतला जला प्रदर्शन किया। करणी सेना ने मंत्री बिसाहुलाल को चेतावनी दी थी कि वे जहां भी दिखेंगे उनके मुंह पर कालिख पोत दी जाएगी।

गौरतलब है कि अनूपपुर में एक निजी कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने कहा था कि ठाकुर लोग अपने घर की महिलाओं को घर के बाहर नहीं निकलने देते। ठाकुरों की महिलाओं को घर से पकड़कर बाहर निकालो। तभी समाज में समानता आएगी। उनके इस बयान का जबर्दस्त तरीके से विरोध हुआ था।

Back to top button