MP

प्रियंका गांधी के साथ कमलनाथ, 12 को कांग्रेस का जबलपुर से विजय शंखनाद

प्रियंका गांधी 12 जून को जबलपुर में कई कार्यक्रमों में लेंगी भाग, जनसभा को भी करेंगी संबोधित

भोपाल/जबलपुर (जोशहोश डेस्क) मध्यप्रदेश में कांग्रेस पूरी तरह इलेक्शन मोड में नज़र आती दिखाई दे रही है। एक ओर जहाँ पूरे प्रदेश में ज़मीनी स्तर पर संगठन को कसा जा रहा है वहीं अब पार्टी आलाकमान भी प्रदेश में पूरी तरह एक्टिव हो विजय शंखनाद करने को तैयार है। इसी तारतम्य में पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी 12 जून को जबलपुर आ रही हैं।

प्रियंका गांधी जबलपुर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के साथ कई कार्यक्रमों में भाग लेंगी और चुनाव को लेकर रणनीति को अंजाम देंगीं। इसके अलावा वे संस्कारधानी जबलपुर में जनसभा को भी संबोधित करेंगी। प्रियंका गांधी के प्रवास को देखते हुए प्रदेश कांग्रेस की टीम एक्टिव है और तैयारियों में कोई कसर छोड़ना नहीं चाहती।

प्रियंका गांधी के प्रवास को लेकर प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष चंद्रप्रभाष शेखर ने जानकारी दी है। तय कार्यक्रम के मुताबिक़ प्रियंका गांधी 12 जून को सुबह 10.30 बजे जबलपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगी, वहां से 10.40 बजे वे जबलपुर के ग्वारीघाट जायेंगी और वहां सुबह 10.50 बजे माँ नर्मदा का पूजन करेंगी। इसके बाद प्रियंका गांधी जबलपुर के शहीद स्मारक के लिए प्रस्थान करेंगी और पूर्वान्ह 11.25 बजे शहीद स्मारक पहुंचकर वहां जनसभा को संबोधित करेंगी।

हिमाचल प्रदेश के बाद कर्नाटक में प्रियंका गांधी ने तूफानी प्रचार किया था जिसका नतीजा पार्टी को जीत के रूप में मिला था। ऐसे में मध्यप्रदेश में प्रियंका गांधी की एंट्री को सियासी गलियारों में की भूमिका बेहद अहम माना जा रहा है। एमपी चुनाव में कांग्रेस की ओर से राष्ट्रीय नेता के तौर पर पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी का दखल और सक्रियता ज्यादा रहने के संकेत पहले से ही मिल रहे थे।

Back to top button