National

किसान ट्रैक्टर रैली : दिल्ली हिंसा के आरोपी दीप सिद्धू को जमानत

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) कृषि कानूनों के विरोध में किसानों द्वारा 26 जनवरी को निकाली गई ट्रैक्टर परेड के दौरान लाल किले और दिल्ली पर हुई हिंसा के आरोपी दीप सिद्धू को जमानत मिल गई है। दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट ने दीप सिद्धू को जमानत दी है।

कोर्ट में दीप सिद्धू की दलील

दीप सिद्धू ने बीती सुनवाई के दौरान स्वयं को निर्दोष बताया था। और जमानत देने का आग्रह किया था। उसने कहा था कि उसे फर्जी तरीके से इस मामले में फंसाया जा रहा है। दीप सिद्धू के अधिवक्ता ने उनका पक्ष रखते हुए कहा था कि उनके मुवक्किल के खिलाफ कोई भी सबूत नहीं है। जिससे पता चल सके कि उसने हिंसा के लिए लोगों को भड़काया है। उन्होंने कहा कि किसान ट्रैक्टर परेड के लिए किसान नेताओं द्वारा आव्हान किया गया था।

500 से अधिक पुलिसकर्मी हुए थे घायल 

26 जनवरी को किसानों द्वारा आयोजित ट्रैक्टर रैली में शामिल हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारी राष्ट्रीय राजधानी में दाखिल हो गए थे। इस दौरान कई जगहों पर उनकी पुलिस से झड़पें भी हुई थी। इसमें 500 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए थे। दिल्ली पुलिस ने इस हिंसा के सिलसिले में राकेश टिकैत, योगेंद्र यादव, राजिंदर सिंह, मेधा पाटकर, बूटा सिंह, दर्शन पाल औऱ बलबीर सिंह राजेवाल सहित 37 किसान नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने पंजाबी अभिनेता दीप सिद्धू और गैंगस्टर से सामाजिक कार्यकर्ता बने लक्खा सिधाना को मुख्य आरोपी बनाया है। 

Back to top button