National

केंद्रीय मंत्री ने आंदोलन कर रहे किसानों को कहा मवाली, कांग्रेस बोली-शर्म करो

केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने आंदोलन कर रहे किसानों को मवाली करार दिया है।

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) कृषि कानूनों के खिलाफ लगातार आंदोलन कर रहे किसानों को लेकर केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने विवादस्पद टिप्पणी की है। केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने आंदोलन कर रहे किसानों को मवाली करार दिया है। मंत्री मीनाक्षी लेखी के इस बयान से किसान आक्रोशित हैं और कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री से माफी मांगने को कहा है।

मीनाक्षी लेखी गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि यह किसान नहीं मवाली हैं। ये आपराधिक गतिविधियां हैं, जो कुछ 26 जनवरी को हुआ वो भी शर्मनाक था, आपराधिक गतिविधियां थी, विपक्ष द्वारा ऐसी चीजों को बढ़ावा दिया गया है। किसानों के पास दिल्ली आकर प्रदर्शन करने का समय नहीं है।

किसान नेता राकेश टिकैत ने केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि किसान के बारे में ऐसी बात नहीं कहनी चाहिए। किसान देश का अन्नदाता है उसे मवाली कहना ठीक नहीं। कांग्रेस के पूर्व विधायक मुकेश शर्मा ने मीनाक्षी लेखी से इस्तीफे की मांग की है।

गौरतलब है कि केंद्र के तीन विवादास्पद कृषि कानूनों का विरोध करने के लिए 200 किसानों का एक समूह गुरुवार को मध्य दिल्ली के जंतर-मंतर पर पहुंचा। यहाँ किसानों ने सांकेतिक संसद का संचालन किया। दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने 9 अगस्त तक जंतर-मंतर पर अधिकतम 200 किसानों को प्रदर्शन की विशेष अनुमति दी है।

Back to top button