National

सुनंदा पुष्कर केस: कांग्रेस नेता शशि थरूर को बड़ी राहत, सभी आरोपों से बरी

फैसले के बाद बोले शशि थरूर- पिछले साढ़े सात साल से एक पूर्ण यातना थी और अब मिली राहत।

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) बहुचर्चित सुनंदा पुष्कर मौत मामले में दिल्ली कोर्ट ने कांग्रेस नेता और सांसद शशि थरूर को सभी आरोपों से बरी कर दिया है। फैसला पक्ष में आने के बाद शशि थरूर ने न्यायाधीश को धन्यवाद दिया और कहा कि यह पिछले साढ़े सात साल से एक पूर्ण यातना थी और अब उन्हें राहत मिली है।

वही फैसले को लेकर शशि थरूर के वकील ने कहा कि ये 7 साल की लंबी लड़ाई थी। आखिरकार न्याय की जीत हुई है। उन्हें शुरू से ही न्याय व्यवस्था में विश्वास था। पुलिस द्वारा आत्महत्या के लिए उकसाने और क्रूरता के लिए लगाए गए आरोप बेतुके और बेबनियाद थे।

फैसले के बाद सोशल मीडिया पर शशि थरूर द्वारा जारी पत्र।

इससे पहले बीते 27 जुलाई को भी सुनवाई हुई थी लेकिन शशि थरूर की ओर से एक ताजा आवेदन देते हुए मामले में कुछ और कागजात पेश करने की इजाजत मांगने के चलते इसे 18 अगस्त तक के लिए टाल दी गई थी। 

सुनंदा पुष्‍कर दिल्‍ली के एक फाइव स्‍टार होटल में 17 जनवरी 2014 की रात को मृत पाई गई थीं। सुनंदा पुष्कर की मौत के बाद उनके पति शशि थरूर पर उनका मानसिक उत्पीड़न करने और हत्या के लिए उकसाने का आरोप लगा था। इसके बाद दिल्‍ली पुलिस ने इस मामले में शशि थरूर के खिलाफ मामला दर्ज किया था। 2010 में सुनंदा पुष्कर की शादी कांग्रेस नेता शशि थरूर से हुई थी।

इस मामले में पाकिस्‍तानी पत्रकार मेहर तरार का नाम भी सामने आया था। दिल्‍ली पुलिस ने जिन धाराओं में कांग्रेस नेता शशि थरूर को आरोपी बनाया था, उनमें दोषी पाए जाने की स्थिति में पूर्व केंद्रीय मंत्री को 3 से 10 साल तक की कैद की सजा हो सकती थी।

Back to top button