National

गुजरात निकाय चुनाव: भाजपा की बड़ी जीत, सूरत में कांग्रेस से आगे आप

गुजरात के स्थानीय निकाय चुनाव में भाजपा बड़ी जीत दर्ज कर रही है। कांग्रेस किसी भी महानगर पालिका में भाजपा से मुकाबले की स्थिति में नहीं दिख रही।

अहमदाबाद (जोशहोश डेस्क) गुजरात के स्थानीय निकाय चुनाव में भाजपा बड़ी जीत दर्ज कर रही है।अहमदाबाद, सूरत, राजकोट, भावनगर, जामनगर और वडोदरा महानगर पालिका के परिणामों में भाजपा एकतरफा जीत दर्ज करती नजर आ रही है। कांग्रेस किसी भी महानगर पालिका में भाजपा से मुकाबले की स्थिति में नहीं दिख रही। वहीं जोर शोर से चुनावों में उतरी आम आदमी पार्टी सूरत में कांग्रेस से आगे है।

अब तक छह महानगर पालिका के 266 सीट के परिणामों में भाजपा 200 पर और कांग्रेस 49 सीट में आगे है। आम आदमी पार्टी 15 सीट में बढ़त बनाए है।

सूरत के 120 सीट में भाजपा 32 सीट में आगे चल रही है। वहीं आम आदमी पार्टी ने यहां कांग्रेस को पीछे छोड़ दिया है। आप अभी तक 14 सीट में आगे है वहीं कांग्रेस केवल 10 सीट में ही बढ़त हासिल कर पाई है।

गुजरात की छह महानगर पालिका के 576 वार्डों के नतीजे आज आ रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी सभी छह महानगर पालिका में स्पष्ट बहुमत की ओर बढ़ रही है। राज्य के छह महानगरों अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा, जामनगर, भावनगर और राजकोट के 2276 उम्मीदवारों के भविष्य का आज फैसला होगा। रविवार को यहाँ 46.1 प्रतिशत मतदान हुआ था।

भाजपा को पहले ही एक सीट पर जीत हासिल हो चुकी है क्योंकि अहमदाबाद की नारायणपुरा सीट पर महिला उम्मीदवार बिंद्रा सूरती के सामने कोई उम्मीदवार नहीं था।

2,276 उम्मीदवारों का फैसला आज
छह महानगर पालिका के लिए हुए चुनाव में 2,276 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। भाजपा के 577, कांग्रेस के 566, आप के 470, एनसीपी के 91, अन्य पार्टियों के 353 और 228 निर्दलीय उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला आज होना है। 

भाजपा और कांग्रेस में मुख्य मुकाबला
चुनावों में मुख्य मुकाबला भाजपा और मुख्य विपक्षी कांग्रेस के बीच है। भाजपा का पिछले कई कार्यकाल से इन छह नगर निगमों पर कब्ज़ा रहा है। आम आदमी पार्टी (आप) ने दावा किया है कि वह भाजपा और कांग्रेस के सामने एक प्रभावी विकल्प होगी, जबकि असदुद्दीन ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) पहली बार स्थानीय निकाय चुनाव लड़ रही है।

Back to top button