National

मेट्रोमैन श्रीधरन को रास आई सियासत, जानिए किस पार्टी में हो रहे शामिल ?

मेट्रोमैन के नाम से मशहूर ई श्रीधरन सियासत के सफर का आगाज करने जा रहे हैं। श्रीधरन जल्द ही भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो सकते हैं।

कोच्चि (जोशहोश डेस्क) देश के जाने माने सिविल इंजीनियर और मेट्रोमैन के नाम से मशहूर ई श्रीधरन (E-Sreedharan) सियासत के सफर का आगाज करने जा रहे हैं। श्रीधरन जल्द ही भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो सकते हैं। पार्टी की केरल इकाई के प्रमुख के सुरेंद्रन ने यह खुलासा किया है। इससे पहले श्रीधरन का नाम राष्ट्रपति पद के लिए भी सामने आया था।

केरल में इसी साल विधानसभा चुनाव होने को हैं। केरल का मलप्पुरम श्रीधरन का गृहजिला है। ऐसे में श्रीधरन भाजपा के लिए राज्य में बड़ा चुनावी चेहरा हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि श्रीधरन 21 फरवरी से प्रारंभ होने वाली भाजपा की विजय यात्रा के दौरान ही पार्टी में शामिल हो सकते हैं। वे चुनाव लड़ेंगे या नहीं यह अभी साफ नहीं है।

के सुरेंद्रन के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रशंसक श्रीधरन ने भारतीय जनता पार्टी के साथ काम करने की इच्छा जताई है। यह भाजपा के लिए सुखद है। उन्होंने कहा कि पार्टी की विजय यात्रा जब मलप्पुर पहुंचेगी। उस दौरान श्रीधरन विधिवत हमारी पार्टी में शामिल होंगे।

पद्मश्री और पद्मविभूषण से सम्मानित

देश में पब्लिक ट्रांसपोर्ट को आधुनिक रूप देने में श्रीधरन का अहम योगदान माना जाता है। करीब 88 साल के श्रीधरन 1955 से 2012 तक दिल्ली मेट्रो के निदेशक रहे थे। साल 2001 में उन्हें पद्मश्री और साल 2008 में पद्मविभूषण से नवाजा गया था।

विजयन का मजबूत किला
केरल के विधानसभा चुनाव में भाजपा के लिए पी विजयन का मजबूत किला भेदना बड़ी चुनौती माना जा रहा है। भाजपा संगठन की दृष्टि से भी राज्य में बहुत ज्यादा मजबूत नहीं है। हाल ही में हुए स्थानीय निकाय के चुनावों में भी सत्ताधारी कम्युनिस्ट पार्टी का प्रदर्शन अच्छा रहा था और विजयन कोरोना संकट के दौरान और भी मजबूत होकर सामने आए हैं।

Back to top button