National

नाना पटोले बने महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष, PM मोदी पर बड़ा आरोप लगा छोड़ी थी भाजपा

तेजतर्रार नेता नाना पटोले महाराष्ट्र कांग्रेस के नए अध्यक्ष बनाए गए हैं। नाना पटोले अब बालासाहेब थोराट का स्थान लेंगे।

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) तेजतर्रार नेता नाना पटोले (Nana Patole) महाराष्ट्र कांग्रेस के नए अध्यक्ष बनाए गए हैं। नाना पटोले के साथ ही कांग्रेस ने राज्य में छह कार्यकारी और दस उपाध्यक्षों के नाम की भी घोषणा भी की है। नाना पटोले अब बालासाहेब थोराट का स्थान लेंगे। नाना पटोले ने गुरुवार को ही विधानसभा के स्पीकर पद से इस्तीफ़ा दे दिया था।

बालासाहेब थोराट राज्य सरकार में मंत्री भी हैं। ऐसे में एक पद एक व्यक्ति के पफाॅर्मूले के आधार पर लंबे समय से राज्य में नेतृत्व परिवर्तन की मांग की जा रही थी। इसे लेकर हाल ही में राज्य के प्रभारी एके पाटिल केंद्र के साथ राज्य के सीनियर लीडर्स के साथ रायशुमारी भी कर रहे थे। थोराट ने प्रदेश प्रभारी से संगठन का पद छोड़ने की इच्छा भी जताई थी।

कहा यह भी जा रहा है कि शिवसेना ने विधानसभा अध्यक्ष पद अपने पास रख कर कांग्रेस को उपमुख्यमंत्री पद देने की बात कही है। ऐसे में उपमुख्यमंत्री पद के लिए कांग्रेस के नेता बालासाहेब, नितिन राउत और विजय वडेट्टीवार के नामों पर चर्चा है। इनमें बालासाहेब का नाम सबसे आगे है।

नाना पटोले भंडारा जिले के सकोली से कांग्रेस के तीन बार विधायक रहे। 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर नाना पटोले ने चुनाव लड़ा और एनसीपी के प्रफुल्ल पटेल को भंडारा-गोंदिया सीट से हराया था।

नाना पटोले साल 2017 में उस समय सुर्खियों में आ गए थे जब उन्होंने गुजरात विधानसभा चुनाव में पहले चरण के मतदान से ठीक एक दिन पहले भाजपा छोड़ दी थी। इस्तीफे के साथ ही पटोले ने प्रधानमंत्री मोदी पर आरोप लगाया था कि पीएम मोदी कोई सवाल पसंद नहीं करते और उनके सामने मुद्दे उठाने पर उन्हें गुस्सा आ जाता है।

इसके बाद नाना पटोले कांग्रेस में वापस आ गए थे ओर पार्टी की किसान शाखा के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किये गए थे। 2019 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में वह कांग्रेस के टिकट पर विधायक बने। इसके बाद उन्हें विधानसभा अध्यक्ष बनाया गया था।

Back to top button