National

हरियाणा: चौधरी चरण सिंह की तस्वीर हटाई, विरोध पर प्रोफ़ेसर का तबादला

कृषि विश्वविद्यालय के वार्षिक कैलेंडर से चौधरी चरण सिंह तस्वीर हटाए जाने का विरोध करने पर प्रोफेसर के तबादले का आरोप।

हिसार (जोशहोश डेस्क) पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के नाम पर स्थापित हिसार कृषि विश्वविद्यालय के वार्षिक कैलेंडर का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। कैलेंडर से चौधरी चरण सिंह तस्वीर हटाए जाने का विरोध करने पर एक प्रोफेसर का तबादला किए जाने का आरोप भी हरियाणा सरकार पर लग रहा है। विवि की टीचर्स एसोसिएशन ने प्रोफेसर के तबादले के विरोध में मोर्चा खोल दिया है।

हिसार कृषि विश्वविद्यालय की टीचर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डाॅक्टर प्रदीप चहल ने प्रेस रिलीज जारी कर बताया है कि प्रोफेसर विजय महला इस बात को संज्ञान में लाये थे कि विश्वविद्यालय के वार्षिक कैलेंडर पर चौधरी चरण सिंह की तस्वीर नहीं है। प्रोफ़ेसर विजय महला ने इस कृत्य का पुरजोर विरोध किया था और इसे चौधरी चरण सिंह का अपमान बताया था।

प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि चौधरी चरण सिंह की तस्वीर हटाए जाने का मुखर विरोध करने पर ही प्रोफेसर विजय महला का तबादला हिसार से पानीपत कर दिया गया है। एसोसिएशन ने इसे एक नागरिक के अधिकार का हनन भी बताया है।

गौरतलब है कि पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के नाम पर स्थापित चौधरी चरण सिंह कृषि विश्वविद्यालय हर वर्ष अपना एक कैलेंडर प्रकाशित करता है। इसमें राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल, मुख्यमंत्री के अलावा चौधरी चरण सिंह का फोटो भी प्रकाशित होता था। इस बार कैलेंडर में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह का फोटो प्रकाशित नहीं किया गया। किसान संगठनों ने भी इसका विरोध किया है। हालांकि विवि का तर्क है कि पहले भी काफी कैलेंडर में चौधरी चरण सिंह का फोटो नहीं रहा है।

Back to top button