National

दिल्ली में लगे ‘मोदी हटाओ-देश बचाओ’ के पोस्टर, 100 FIR दर्ज-6 गिरफ्तार

पुलिस ने प्रिंटिंग प्रेस का नाम प्रकाशित न करने के आरोप में मालिकों को किया गिरफ्तार

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) दिल्ली में ‘मोदी हटाओ देश बचाओ’ के नारे लिखे पोस्टर विवादों में आ गए हैं। इन पोस्टर को लेकर पुलिस ने 100 FIR दर्ज कर 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक इन पोस्टरों में प्रिंटिंग प्रेस का ब्योरा नहीं था। वहीं आम आदमी पार्टी ने प्रधानमंत्री मोदी को पर लगे इन पोस्टर्स पर पुलिस के एक्शन को तानाशाही करार दिया है।

पुलिस के मुताबिक़ दो प्रिंटिंग प्रेस को पीएम मोदी के खिलाफ नारे वाले 50-50 हजार पोस्टर बनाने का ऑर्डर मिला था। कंपनियों के कर्मचारियों ने शहर के अलग-अलग इलाकों में कई पोस्टर लगाए भी थे। पुलिस ने प्रिंटिंग प्रेस का नाम प्रकाशित न करने के आरोप में मालिकों को गिरफ्तार किया है।

दूसरी ओर आम आदमी पार्टी ने पुलिस कार्रवाई को तानाशाही बताया है। पार्टी ने लिखा- मोदी सरकार की तानाशाही चरम पर है। पोस्टर में ऐसा क्या आपत्तिजनक है, जो इसे लगाने पर मोदी जी ने 100 FIR कर दीं? PM मोदी आपको शायद पता नहीं, पर भारत एक लोकतांत्रिक देश है, एक पोस्टर से इतना डर क्यों?

वहीं इन पोस्टर्स का लिंक आम आदमी पार्टी से भी सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ पुलिस ने आम आदमी पार्टी के ऑफिस से निकलते हुए एक वैन को भी रोका। जिसमें से कई पोस्टर जब्त किए गए और मौके पर कुछ गिरफ्तारियां भी की गईं। अब आम आदमी पार्टी इस मामले को लेकर गुरुवार को प्रदर्शन भी करेगी। प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के साथ पंजाब के CM भगवंत मान भी शामिल होंगे।

Back to top button