National

घरेलू-कमर्शियल सिलेंडर महंगा, MP विधानसभा के बाहर कांग्रेस ने बोला हल्ला

मध्यप्रदेश विधानसभा में भी बजट पेश किये जाने से पहले एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में इजाफे की गूँज

नई दिल्ली/भोपाल (जोशहोश डेस्क) मार्च के पहले ही दिन महंगाई का डबल झटका लगा है। घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के साथ ही कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम भी बढ़ गए हैं। होली से पहले एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है। मध्यप्रदेश विधानसभा में भी बजट पेश किये जाने से पहले दामों में हुए इजाफे की गूँज सुनाई दी।

पूर्व वित्तमंत्री तरुण भनौत, पीसी शर्मा, जयवर्धन सिंह और विधायक कुणाल चौधरी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता सिलेंडर लेकर पहुंचे। विधानसभा के बाहर कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा का विकास पागल हो चुका है।

कांग्रेस ने मांग उठाई कि राजस्थान की तर्ज़ पर मध्यप्रदेश में भी हर निर्धन परिवार को 500 रुपये में गैस सिलेंडर दिया जाए और वित्तमंत्री आज अपने बजट में यह घोषणा करें। इधर कांग्रेस ने एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि को लेकर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को भी निशाने पर लिया-

बता दें कि मार्च महीने के पहले दिन ही घरेलू और कमर्शियल सिलेंडर सिलेंडर महंगा हो गया है। 14.2 किग्रा वाला घरेलू सिलेंडर के दाम 50 रुपए और 19 KG वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 350.50 रुपये का इजाफा किया गया है। इजाफे के बाद दिल्ली में 19 किग्रा वाला कमर्शियल सिलेंडर अब 2119.50 रुपए का मिलेगा, जबकि घरेलू LPG सिलेंडर 1103 रुपए का हो गया। बढ़े हुए दाम एक मार्च से ही लागू होंगे।

पेट्रोलियम मंत्रालय के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, 1 अप्रैल, 2017 से 6 जुलाई, 2022 के बीच एलपीजी की कीमतों में 58 बार बदलाव किए गए। इससे एलपीजी सिलिंडर की कीमत में 45 फिसदी की बढ़त हुई। अप्रैल 2017 में एलपीजी सिलेंडर की कीमत 723 रुपये थी और जुलाई 2022 तक 45 फिसदी बढ़कर 1,053 रुपये हो गई। अब घरेलू रसोई गैस की कीमत 1,053 से बढ़कर 1103 रुपये प्रति सिलेंडर हो गई।

Back to top button