HealthNational

राजस्थान के मुख्यमंत्री, वसुंधरा राजे के पुत्र कोरोना संक्रमित, मध्यप्रदेश का आंकड़ा पहुंचा इतने के पार

भोपाल (जोशहोश डेस्क) देश में कोरोना की रफ़्तार भयानक होती जा रही है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। गहलोत ने गुरुवार को खुद सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी है। इससे एक दिन पहले यानी बुधवार को ही मुख्यमंत्री की पत्नी सुनीता गहलोत की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। बुधवार को कोरोना की चपेट में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के पुत्र और झालावाड़-बारां के सांसद दुष्यंत सिंह भी आ गए हैं। वहीं जयपुर विधायक अशोक लाहोटी और उनका पूरा परिवार भी कोरोना से संक्रमित है।वहीं मध्यप्रदेश में कोरोना के आंकड़ों की बात करें तो प्रदेश में बुधवार को 12,758 नए मरीज सामने आए।

राहत की बात है कुल मामलों से ज्यादा यानि 14,156 लोग ठीक भी हुए। संक्रमण दर भी 1% गिरकर 21.7% रह गई। ठीक होने वालों के साथ एक्टिव केसों की संख्या में भी गिरावट आई है। बुधवार को 1503 एक्टिव केस कम हुए। अब प्रदेश में कुल एक्टिव केस 92 हजार 773 रह गए हैं। जबकि भोपाल में 1853, ग्वालियर में 1024 एवं जबलपुर में 795 नये मामले आए। अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में कुल 5,38,165 संक्रमितों में से अब तक 4,39,968 मरीज स्वस्थ होकर घर चले गये हैं और 92,773 मरीजों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।

देश में कोरोना
बुधवार को 3 लाख 79 हजार 164 नए मरीजों की पुष्टि हुई। अब तक एक दिन में मिले नए मरीजों का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है। देश में कोरोना के तेजी से बढ़ते मामलों के बीच एक अच्छी खबर है। संक्रमण से ठीक होने वालों का आंकड़ा डेढ़ करोड़ के पार हो गया है। अब तक 1 करोड़ 50 लाख 78 हजार से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 2.70 लाख लोग रिकवर हुए हैं। अब तक एक दिन में ठीक हुए मरीजों का ये सबसे बड़ा आंकड़ा है।

Back to top button