Health

1 अप्रैल से 45 के ऊपर वालों को लगेगी वैक्सीन, जानिए कैसे कराएं रजिस्ट्रेशन…

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) भारत में एक अप्रैल से कोविड-19 वैक्सीनेशन प्रोग्राम का तीसरा फेज शुरू हो जाएगा। इसमें 45 साल से ज्यादा उम्र के सभी लोगों को वैक्सीन लगेगी। सरकार ने इसके लिए 1 जनवरी 1977 कट-ऑफ डेट तय की है। 1 जनवरी 1977 से पहले जन्म लेने वाले सभी लोग अब कोरोना वैक्सीन लगवा सकेंगे।

पिछले सप्ताह स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी किए गए इंटरनल सर्वे के अनुसार भारत में कोरोनावायरस की वजह से 30 मार्च की सुबह तक 1.62 लाख मौतें हुई हैं। इनमें से 90 प्रतिशत से ज्यादा मौतें 45 साल से ज्यादा लोगों की हुई हैं। इसी वजह से इस ग्रुप को हाई रिस्क ग्रुप में रखा गया है।

पिछले कुछ दिनों से भारत में कोरोनावायरस के ज्यादा केस सामने आ रहे हैं। हर दिन नए केस की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में वैक्सीनेशन की रफ्तार बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। 31 मार्च की सुबह तक देश में 6.30 करोड़ वैक्सीन डोज दिए जा चुके हैं। बता दें कि देश में वैक्सीनेशन की शुरुआत 16 जनवरी को हेल्थकेयर वर्कर्स के साथ हुई थी। अब तक हेल्थकेयर वर्कर्स को 82 लाख पहला डोज और 52 लाख दुसरा डोज दिया जा चुका था। इसके बाद 2 फरवरी से फ्रंटलाइन वर्कर्स का वैक्सीनेशन शुरू हुआ था। 1 मार्च से 60 वर्ष से ज्यादा उम्र वालों का वैक्सीनेशन शुरू हुआ था।

कहां लगवा सकते हैं वैक्सीन?

देश में कोरोना वैक्सीन सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों के अलावा प्राइवेट सेंटर्स में भी लगाई जा रही है। सरकार अस्पतालों में मुफ्त में वैक्सीन लगाई जा रही है। वहीं प्राइवेट अस्पतालों में आपको एक डोज के लिए 250 रुपए देने होंगे।

कोविड का टीका लगवाने के लिए आपको ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। इसके लिए cowin.gov.in पोर्टल पर जाकर रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। इस पोर्टल पर हर दिन एक करोड़ रजिस्ट्रेशन एक्सेप्ट किए जा सकेंगे। रजिस्ट्रेशन होने के बाद ही इसमें वैक्सीन लगने की तारीख, समय और स्थान की जानकारी मिलेगी।

Back to top button