National

आज के दिन लगा था जनता कर्फ्यू जब देश में थे 400 केस, कैसे बदली कोरोना की तस्वीर

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) आज से ठीक एक साल पहले कोरोना वायरस ने दस्तक दी थी, जिसके चलते ठीक एक साल पहले 22 मार्च 2020 को देशभर में जनता कर्फ्यू का ऐलान हुआ था। तब कोरोना वायरस महामारी अपने शुरुआती दौर में थी। सालभर बाद हालात खासे बदल चुके हैं।

आज 22 मार्च 2021 है। आज का दिन कैसे भुलाया जा सकता है, ठीक सालभर पहले पूरे देश में कोरोना वायरस महामारी के प्रसार को रोकने की खातिर ‘जनता कर्फ्यू’ लगाया गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोगों से अपील थी कि सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक घर के भीतर रहें। उस वक्‍त देश में कोविड-19 के 400 से भी कम मामले थे। तब तक सिर्फ चार मरीजों की मौत हुई थी।

पीएम नरेंद्र मोदी ने 19 मार्च को राष्ट्र के नाम संबोधन में देशवासियों से 22 मार्च को जनता कर्फ्यू का आह्वान किया था। 22 मार्च 2020 को ‘जनता कर्फ्यू’ रखा गया। इसके तीन दिन बाद, 25 मार्च 2020 को पीएम मोदी ने देशव्‍यापी लॉकडाउन की घोषणा कर दी। लोगों के घरों से निकलने पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी गई। केवल आपातकालीन सेवाओं की छूट रही। यह प्रतिबंध करीब तीन महीने तक लागू रहे। जून से ‘अनलॉक’ की कवायद शुरू हुई।

भारत में कोरोना की पहली लहर सितंबर 2020 में अपने पीक पर पहुंची। इसके बाद केसेज घटना शुरू हुए। जनवरी 2021 आते-आते देश के अधिकांश हिस्‍सों में जनजीवन सामान्‍य होने लगा था मगर सावधानियां बरतना जारी था। जनवरी मध्‍य से देश में कोविड टीकाकरण अभियान शुरू हुआ। फरवरी 2021 से कोविड के मामलों में फिर से उछाल देखने को मिलने लगा। नतीजा ये है कि अब भारत महामारी की दूसरी लहर का सामना कर रहा है।

सालभर बाद, आज देश में कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्‍या 1,16,46,081 हो चुकी है। इस महामारी ने अबतक 1,59,967 लोगों की जान ली है।

ट्विटर पर लोगों ने आज के दिन की यादें साझा की है, ट्विटर पर सुबह से #Jantacurfew #Anniversary ट्रेंड कर रहा है। आज के दिन के मीमर्स भी खूब मज़े लूट रहे हैं।

Back to top button