Politics

सिंधिया की वापसी पर MP में सियासत गर्म, भूरिया ने रखी बड़ी शर्त

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया ने भी सिंधिया की वापसी को लेकर अब बड़ा बयान दिया है।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के बयान के बाद प्रदेश में ज्योतिरादित्य सिंधिया (jyotiraditya-scindia) को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। जहां स्वयं सिंधिया ने राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया दी है। वहीं कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया ने भी सिंधिया की वापसी को लेकर अब बड़ा बयान दिया है।

राहुल गांधी के बयान से गर्म हुई सूबे की सियासत पर अब कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व सांसद कांतिलाल भूरिया ने भी अपनी राय रखी है।

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया

मीडिया से चर्चा में भूरिया ने कहा कि अगर सिंधिया कांग्रेस में वापस में आना चाहते हैं तो उन्हें अपनी गलती स्वीकार करते हुए लिखित माफीनामा देना होगा। भूरिया ने कहा कि अगर सिंधिया अब वापसी की पेशकश कर रहे हैं और वे गलती मानकर वापस आते हैं तो आलाकमान भी उन्हें माफ कर देगा। राहुल गांधी भी कह चुके हैं कि उनके लिए कांग्रेस के दरवाजे हमेशा खुले हैं।

यह भी पढ़ें- सिंधिया का भाजपा में एक साल पूरा, क्या कांग्रेस में होगी वापसी?

कांतिलाल भूरिया ने यह भी कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया की स्थिति 2022 तक भाजपा में और भी खराब हो जाएगी। उन्होंने कहा कि सिंधिया जब कांग्रेस में थे तो संसद में आगे की पंक्ति में बैठा करते थे। भाजपा ने उन्हे पीछे की लाइन में बिठा दिया है। जहां ताली बजाने के अलावा उनके पास कोई काम नहीं।

यह भी पढ़ें- राहुल गांधी के बयान पर सिंधिया ने दिया जवाब, देखें वीडियो

भूरिया ने यह भी कहा कि सिंधिया अगर कांग्रेस में होते और प्रदेश में युवा मुख्यमंत्री की बात आती तो राहुल गांधी सिंधिया का ही नाम सबसे आगे रखते। अब भाजपा में उनके लिए यह सपने जैसा है।

गौरतलब है कि राहुल गांधी ने यूथ कांग्रेस के सम्मेलन में कहा था कि अगर सिंधिया धैर्य रखते तो वे मुख्यमंत्री भी बनते लेकिन उन्होंने अलग रास्ता चुना। राहुल गांधी ने यह भी कहा था कि सिंधिया अब भाजपा में बैकबैंचर बन गए हैं और वे लिख कर दे सकते हैं कि भाजपा उन्हें कभी मुख्यमंत्री नहीं बनाएगी।

राहुल गांधी के बयान पर सिंधिया ने भी प्रतिक्रिया दी है। सिंधिया ने कहा कि राहुल जी मेरी जितनी चिंता आज कर रहे हैं काश उस समय की होती जब मैं कांग्रेस में था तो आज कुछ और स्थिति होती। सिंधिया ने यह भी कहा कि अब वे इस स्तर से ऊपर उठ चुके हैं।

Back to top button