National

तो क्या PM नरेंद्र मोदी की नाक कटा रहे भाजपाई मुख्यमंत्री?

भारतीय जनता पार्टी द्वारा शासित राज्यों के मुुख्यमंत्रियों का प्रदर्शन बहुत अच्छा नहीं है। देश के टाॅप फाइव मुुख्यमंत्रियों में एक भी भाजपा का नहीं है।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) और राज्यों के मुुख्यमंत्रियों के कामकाज को लेकर एबीपी न्यूज चैनल ने शुक्रवार को एक सर्वे दिखाया। इस सर्वे के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी द्वारा शासित राज्यों के मुुख्यमंत्रियों का प्रदर्शन बहुत अच्छा नहीं है। मुुख्यमंत्रियों में टाॅप पर ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक (Naveen Patnaik) और नंबर दो पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) हैं।

सर्वे के मुताबिक देश के टाॅप -5 मुुख्यमंत्रियों में एक भी भाजपा का नहीं है। टाॅप -10 में भाजपा के मुख्यमंत्री आठवें, नवें और दसवें स्थान पर रहे। भाजपा के हाईप्रोफाइल सीएम योगी आदित्यनाथ तो टाॅप-10 तक में शामिल नहीं हैं। भाजपा के मुुख्यमंत्रियों में सबसे बेहतर प्रदर्शन मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का है जो इस लिस्ट में आठवे स्थान पर हैं। ऐसे में सवाल यह है कि क्या भाजपा के मुख्यमंत्री डबल इंजन की सरकार के बाद भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नाक कटा रहे हैं ?

बड़ी बात यह है कि जिस पश्चिम बंगाल में भाजपा बदलाव के लिए पूरा जोर लगा रही है और राज्य की कानून व्यवस्था को कोसते हुए सोनार बंगला बनाए जाने के वादे कर रही है वहां की मुख्यमंत्री ममता बैनर्जी तक भाजपा शासित मुख्यमंत्रियों से आगे हैं। टाॅप -10 मुुख्यमंत्रियों में ममता सातवें नंबर पर हैं।

प्रधानमंत्री मोदी का कोई मुकाबला नहीं

एबीपी न्यूज-सी वोटर के इस सर्वे के मुताबिक अभी प्रधानमंत्री पद के लिए नरेंद्र मोदी पहली पसंद बने हुए हैं। यही नहीं उनके कामकाज से 66 प्रतिशत लोग खुश हैं। अगर इस समय चुनाव हों तो 58 प्रतिशत लोग एनडीए की जीत के पक्ष में थे।

इस सर्वे में सबसे लोकप्रियता के मामले में प्रधानमंत्री राज्यों में मुुख्यमंत्रियों पर भारी रहे लेकिन महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पीछे छोड़ दिया। वहीं छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की लोकप्रियता नरेंद्र मोदी के बराबर दिखाई दी।

Back to top button