National

प्रियंका गांधी कर रहीं हैं असम के चाय बागानों में काम, देखें वीडियो…

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी असम के दो दिवसीय दौरे पर हैं। राज्य में कांग्रेस की अगुवाई में सात दलों वाला गठबंधन भाजपा के तीन पार्टियों वाले गठबंधन से दो-दो हाथ करने के लिए तैयार है। गुवाहाटी पहुंचने के तुरंत बाद प्रियंका गांधी प्रसिद्ध कामाख्या देवी मंदिर पहुंची थीं और पूजा अर्चना की थी। इसके बाद उन्होंने आज दूसरे दिन मंगलवार को तेजपुर पहुंच कर जनसभा को संबोधित किया।

मंगलवार को उन्होंने बेरोजगारी के मुद्दे पर एक राज्यव्यापी अभियान शुरू किया और चाय बगान में महिला श्रमिकों और स्वयं सहायता समूह के सदस्यों के साथ बातचीत की। इस दौरान वे चाय के बागानों में चाय पत्ती तोड़ते दिखीं। यहां उन्होंने जनसभा को संबोधित भी किया। प्रियंका गांधी वाड्रा ने यहां कहा कि प्रधानमंत्री कहते हैं कि असम की चाय पर हमला हो रहा है। प्रधानमंत्री जी, असम चाय पर नहीं बल्कि असम की पहचान पर हमला हो रहा है और ये हमला खुद पीएम, गृह मंत्री और बीजेपी की सरकार कर रही है।

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष और लोकसभा सदस्य राहुल गांधी ने 14 फरवरी को राज्य का दौरा किया था और पूर्वी असम के शिवसागर में एक सार्वजनिक सभा को संबोधित किया था।

कांग्रेस, जो 15 वर्षों (2001-2016) तक राज्य में सत्ता में थी, ने एक महागठबंधन बनाया है जिसमें तीन वामपंथी दल – सीपीआई, सीपीएम और सीपीआई (माले) के अलावा आंचलिक गण मोर्चा, बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) और तीन क्षेत्रीय दल शामिल हैं जिनका मुस्लिम मतदाताओं में अच्छा खासा प्रभाव है। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी से नाता तोड़ने के एक दिन बाद बीपीएफ रविवार को कांग्रेस के नेतृत्व वाले महागठबंधन में शामिल हो गई।

126 सदस्यीय असम विधानसभा के चुनाव 27 मार्च, 1 अप्रैल और 6 अप्रैल को तीन चरणों में होंगे। परिणाम 2 मई को घोषित किए जाएंगे।

Back to top button