National

कोरोना का कहर : न्यूजीलैंड ने भारतीयों के आने पर लगाई रोक

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) भारत में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए न्यूजीलैंड ने भारतीयों के आने पर रोक लगा दी है। न्यूजीलैंड में भारतीयों की एंट्री 11 अप्रैल से 28 अप्रैल तक बंद रहेगी। न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जैसिंडा अर्डर्न ने घोषणा करते हुए जानकारी दी है कि उनके देश में पिछले 24 घंटो में कोरोना संक्रमण के 23 मामलों में से 17 भारतीय हैं। यह सभी संक्रमित भारत से लौटे थे।

वहीं सिंगापुर ने भी भारत में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए 8 हजार भारतीयों के वीजा रोक दिए हैं। यह भारतीय पिछले साल कोरोना काल में सिंगापुर से भारत आए थे जो अब वापस जाना चाहते हैं। लेकिन अब नहीं जा पा रहे।

न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जैसिंडा अर्डर्न ने कहा कि हमारी सरकार ऐसे और देशों पर भी नजर रखे हुए है, जहां कोरोना के केस तेजी से बढ़ रहे हैं। यदि जरूरत पड़ेगी तो दूसरे देशों से आने वाले यात्रियों पर भी बैन लगाया गया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यह स्थाई प्रतिबंध नहीं है। कोरोना के बढ़त केस को देखते हुए इसे लागू किय गया है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि इस कदम से कोरोना संक्रमण रोकने में कुछ मदद मिलेगी।

भारत में रिकॉर्ड 1 लाख 26 हजार 265 संक्रमित

बुधवार को देश में रिकॉर्ड 1 लाख 26 हजार 265 लोग संक्रमित पाए गए। पिछले साल महामारी शुरू होने के बाद से अब तक ये पहली बार है जब एक दिन के अंदर इतने लोग संक्रमण की चपेट में आए हैं। इसके पहले 6 अप्रैल को एक दिन के अंदर 1.15 लाख लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे।

इसके अलावा बुधवार को 684 मरीजों की मौत भी हो गई और 59 हजार 129 लोग रिकवर हुए। इसी के साथ कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा अब 1.29 करोड़ से अधिक हो गया है। इनमें 1.18 करोड़ लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.66 लाख मरीजों की मौत हो गई। 9 लाख 5 हजार मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

Back to top button