National

राहुल-कमल का संवाद, पश्चिमी देश नहीं सिर्फ भारत दे सकता है चीन को मात

राहुल गांधी ने कमल हसन के साथ की राजनीति और संस्कृति पर चर्चा

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा ब्रेक के बाद 3 जनवरी से फिर शुरू होने जा रही है। यात्रा उत्तरप्रदेश से शुरू होना है। यात्रा के ठीक एक दिन पहले राहुल गांधी ने कमल हासन के साथ विस्तार से चर्चा की है और इसे शेयर करते हुए लिखा है कि वे नहीं मानते कि पश्चिमी देश चाइना को मात दे सकते हैं, ये काम सिर्फ भारत कर सकता है।

23 मिनट के इस वीडियो में राहुल गांधी ने कमल हसन के साथ राजनीति और संस्कृति पर चर्चा की। देश के सियासी माहौल को लेकर राहुल गांधी द्वारा पूछे सवाल पर कमल हासन ने कहा कि मुझे लगा कि आज जो हो रहा है, उसके बारे में बोलना मेरा फर्ज है। यह 2,800 किमी कुछ भी नहीं है, आप खून-पसीने से तरबतर रास्ते पर चलें हैं।

राहुल गांधी ने भारत-चीन के रिश्तों की तुलना रूस-यूक्रेन से भी की। राहुल गांधी ने कहा कि जो यूक्रेन में जो भी हुआ, उसे दुनिया देख रही है। रूस ने कहा था कि हम नहीं चाहते कि यूक्रेन के पश्चिमी देशों से गहरे संबंध हों अगर ऐसा हुआ तो हम यूक्रेन का भूगोल बदल देंगे। अब चाइना जानता है हम अंदरूनी परेशानियों से जूझ रहे हैं, इसलिए वो वही कर रहा है जो वह चाहता है।

राहुल गांधी ने कहा कि एक भारतीय के नाते मैं देख रहा हूं कि चीन रूस की तरह ही भारत की सीमा पर एक बेस तैयार कर रहा है। मैं अपने देश को सतर्क करना चाहूंगा और कहूंगा कि हमारी असली समस्या बॉर्डर पर है और ये समस्या देश के अंदर चल रही समस्याओं से संबंध रखती हैं। हम अंदर लड़ते हैं और बाहरी इसका फायदा उठा सकते हैं।

गौरतलब है कि कमल हासन ने 24 दिसंबर को दिल्ली में भारत जोड़ो यात्रा में हिस्सा लिया था। यात्रा में हिस्सा लेने के सवाल पर कमल हासन ने कहा था कि मैं इस यात्रा में एक भारतीय के रूप में शामिल हो रहा हूं क्योंकि मेरी अंतरात्मा ने कहा है कि भारत तोड़ने का नहीं भारत जोड़ने का काम करो।

Back to top button