MP में हर व्यक्ति भ्रष्टाचार का शिकार, ‘कमीशन सरकार’ के 31 मंत्री हारेंगे चुनाव

मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला का बड़ा दावा

भोपाल (जोशहोश डेस्क) मध्यप्रदेश के बीते विधानसभा चुनाव में बीजेपी के 13 मंत्री हारे थे। इस बार इसका उल्टा होगा और मध्यप्रदेश की कमीशन वाली सरकार के 31 मंत्री चुनाव हारेंगे। यह बड़ा दावा मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने किया है। वे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय भोपाल में भाजपा छोड़कर आए नेताओं को कांग्रेस की सदस्यता समारोह को संबोधित कर रहे थे।

प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी सुरजेवाला ने कहा है कि 50% कमीशन और भ्रष्टाचार इस सरकार का मुख्य धंधा है। जिस सरकार में दलित आदिवासी और महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, उन्हें चुल्लूभर पानी में डूब मरना चाहिए। भोपाल राजधानी है और यहां हर दिन एक महिला से बलात्कार क्यों हो रहा है?

उन्होंने कहा कि कमलनाथ जी के पिटारे में अभी बहुत माल है, वहीं एमपी में एक धोखेबाज सत्ता में है वो कमलनाथ जी की घोषणाओं को नकल कर रहा है। कमलनाथ जी आपसे अनुरोध करता हूं कि आप आज कोई घोषणा न करें अब सारी घोषणाएं आचार संहिता के बाद करेंगे।

समारोह में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि भाजपा ने मध्यप्रदेश को भ्रष्टाचार प्रदेश बना दिया है। आज मध्य प्रदेश में हर व्यक्ति भ्रष्टाचार का शिकार है या भ्रष्टाचार का गवाह है। मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार की एक ऐसी व्यवस्था बना ली है जिसमें पैसे दो काम लो’ का सिद्धांत चल रहा है। कमलनाथ ने कांग्रेस में शामिल होने वाले नेताओं से कहा कि ये एमपी के भविष्य का चुनाव है और आप मध्य प्रदेश के भविष्य के रक्षक है।

उन्होंने आगे बोलते हुए कहा कि आज शिवराज सिंह जी अपने पाप धोने के लिए बहनों को 1000 रुपये दे रहे हैं। ऐसा करके शिवराज जी सोचते हैं कि उनके 18 साल के पाप धुल जाएंगे। कमलनाथ ने कहा कि इस चुनाव के बाद मध्य प्रदेश की जनता आपको बड़े प्यार से विदा करेगी। अब जब चुनाव में हार सामने है तो भाजपा सब कलाकारी कर रही हैं तो यह पैसा पुलिस प्रशासन का उपयोग करेंगे क्योंकि इनके पास बचा ही क्या है? प्रशासन को भी पता चल रहा है कि 4 महीने बाद प्रदेश में सरकार बदलने वाली है। इसलिये प्रशासन ने भी अपना भविष्य सुरक्षित रखना शुरू कर दिया है। प्रशासन का व्यवहार बदलने लगा है।

इससे पहले भोपाल स्थित पीसीसी मुख्यालय में विधायक वीरेंद्र रघुवंशी, पूर्व विधायक भंवर सिंह शेखावत, गुड्डू राजा बुंदेला, कटनी से छेदीलाल पांडे, शिवम पांडे, शिवपुरी से अरविंद धाकड़, गुना से सुश्री अंशु रघुवंशी, भिंड से डॉ. केशव यादव, भोपाल से डॉ. आशीष अग्रवाल एवं नर्मदापुरम से महेंद्र प्रताप सिंह ने हजारों कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

Exit mobile version