सिंधिया जी ने अच्छे से निभाई परिवार की परंपरा, ग्वालियर-चंबल से किया धोखा

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर दतिया में किया तीखा हमला

दतिया (जोशहोश डेस्क) ‘हमारे सिंधिया जी कद में थोड़े छोटे पड़ गए, लेकिन अहंकार में वाह भई वाह…। हम UP में काम कर रहे थे। कार्यकर्ताओं को उन्हें महाराज-महाराज कहना पड़ता था। नहीं तो काम नहीं होता था उनका। सिंधिया ने अपने परिवार की परंपरा अच्छे से निभाई है। ग्वालियर-चंबल के लोगों से विश्वासघात किया। आपकी चुनी सरकार को गिराकर आपको धोखा दिया। आपकी पीठ में छुरा घोंपा।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर यह तीखा हमला दतिया में किया। वे चुनाव प्रचार के आखिरी दिन यहाँ कांग्रेस के समर्थन में जनसभा करने पहुँची थीं। इस दौरान प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी, सीएम शिवराज, और गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा पर भी तीखे हमले किये।

दातिया से चुनाव लड़ रहे प्रदेश सरकार के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को लेकर प्रियंका गांधी ने कहा कि गृहमंत्री का काम कानून को लागू कराना है लेकिन ये यहां के गुंडे, माफिया की सुरक्षा और संरक्षण कर रहे हैं। दिन भर पिक्चर देखते रहते हैं। कौन-क्या पहना है, इन्हें इसकी बड़ी चिंता रहती है। लेकिन आपके पास कपड़े नहीं है, आप कुछ खरीद नहीं पा रहे हैं, आप किसानी-खेती में कमा नहीं पा रहे हैं, इसकी कोई चिंता नहीं है।

प्रियंका गांधी ने CM शिवराज को भी नहीं बख्शा। सीएम शिवराज को विश्व प्रसिद्ध अभिनेता करार देते प्रियंका गांधी ने कहा कि विश्व प्रसिद्ध महान अभिनेता शिवराज सिंह चौहान उर्फ मामा जी एक्टिंग में अमिताभ बच्चन के भी कान काट लें। लेकिन, काम की बात होती है, तो असरानी का रोल पकड़ लेते हैं।

वहीं पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि मोदी जी का पूछिए ही मत। उनका क्या कहना। देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जो परमानेंट अपनी ही पीड़ा में परेशान रहते हैं। कहते हैं कि मुझे इतनी गालियां दीं। रोते रहते हैं। जैसे ‘तेरे नाम’ में सलमान खान रोते रहते हैं। PM के लिए पिक्चर बना देते हैं। नाम रखेंगे ‘मेरे नाम’।

सभा में प्रियंका गांधी ने कांग्रेस सरकार आने पर अपने संकल्प पूरा करने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि हम कर्नाटक में महिलाओं को 2000 रुपये सम्मान राशि पहले से दे रहे हैं। हम मप्र में कांग्रेस सरकार आने पर 1500 प्रति महीने महिलाओं को सम्मान राशि देंगे। किसानों की धान का 2500 रुपये समर्थन मूल्य में खरीदेंगे और किसानों के कर्ज माफ करने का काम करेंगे। हमारी सरकार आने पर हम पुरानी पेंशन लागू करने का काम करेंगे। कांग्रेस की हिमाचल, राजस्थान, छत्तीसगढ़ मैं कांग्रेस की सरकार पुरानी पेंशन लागू कर चुकी है।

उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में जब आपने कांग्रेस की सरकार को चुना था तो 15 महीने में हमने 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया था। प्रियंका ने कहा कि आपको अर्जुन की तरह ध्यान रखना है कि चुनाव के समय सही जगह आप मतदान करें। आप मध्य प्रदेश में देख रहे हैं घोटाले और भ्रष्टाचार की सरकार में व्यापमं घोटाला, पटवारी घोटाला और कई अन्य घोटालों से आपका ही नुकसान हो रहा है। इसलिए आप इस बार मन बना लीजिए और मुझे पता है कि दतिया में इस बार जनता बदलाव लाने वाली है।

Exit mobile version