क्या CAA पर देश को धोखा दे रही भाजपा? दिग्विजय का सवाल

भोपाल (जोशहोश डेस्क) तमिलनाडू में भाजपा के साथ गठबंधन करके लड़ रही अन्नाद्रमुक ने अपने घोषणापत्र में कहा है कि वह सत्ता में आने पर केंद्र पर सीएए कानून को वापस लेने के लिए दबाव डालेगा। वहीं इसे दिग्विजय सिंह ने देश के साथ धोखा बताया है।

दिग्विजय सिंह ने ट्वीट किया है जिसमें यह लिखा है कि – तमिलनाडु में भाजपा AIDMK के साथ विधानसभा चुनाव लड़ रही है। उसने अपने घोषणापत्र में राज्य में “सीएए” लागू नहीं करने का वायदा किया है। भाजपा को स्पष्ट करना चाहिए कि वह तमिलनाडु में सीएए लागू नहीं करने के साथ है तो पूरे देश में क्यों लागू करना चाहती है? क्या यह देश के साथ धोखा नहीं?

हालांकि भाजपा के स्थानीय नेताओं ने घोषणापत्र जारी होने के बाद कहा है कि कानून वापस नहीं होगा। नागरिकता संशोधन विधेयक पर अन्नाद्रमुक संसद में भाजपा के साथ खड़ी रही है। दिसंबर 2019 में जब यह कानून पारित हुआ था तब राज्यसभा में अन्नाद्रमुक के सांसदों ने विधेयक का समर्थन किया था। लेकिन अब चुनाव से ठीक पहले सीएए पर अन्नाद्रमुक ने यू-टर्न ले लिया है। बता दें कि तमिलनाडू की विधानसभा में 234 सीटें हैं। यहां 6 अप्रैल को चुनाव होने हैं और वोटों की गिनती दो मई को की जाएगी।

Exit mobile version