इंदौर महापौर चुनाव: कांग्रेस उम्मीदवार का नाम तय, 22 को ऐलान

इंदौर में महापौर पद के लिए कांग्रेस 22 फरवरी को अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर सकती है।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी कहे जाने वाले इंदौर में महापौर पद पर कब्जे को लेकर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों ही सक्रिय हैं। भाजपा में अब तक नाम को लेकर कोई सहमति बनती नहीं दिख रही है। वहीं कांग्रेस 22 फरवरी को अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर सकती है।

सियासी गलियारों में यह चर्चा है कि इंदौर में महापौर पद के लिए कांग्रेस ने विधायक संजय शुक्ला का नाम तय कर लिया है। इंदौर में कांग्रेस आगामी 22 फरवरी को कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन कर रही है। इसमें प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ भी शामिल हो रहे हैं।

समर्थकों के साथ विधायक संजय शुक्ला

माना जा रहा है कि कांग्रेस इस सम्मेलन में संजय शुक्ला के नाम का ऐलान कर सकती है। जिस तरह से संजय शुक्ला चुनाव प्रचार में जुट गए हैं उसे देखकर यह अनुमान लगाया जा रहा है कि पार्टी से उन्हें हरी झंडी मिल चुकी है। उनके नाम पर इंदौर में पार्टी के अन्य नेता भी सहमत दिखाई दे रहे हैं।

दूसरी ओर भाजपा के लिए यहां प्रत्याशी चयन आसान नहीं दिख रहा। यहां ज्योतिरादित्य सिंधिया भी अहम हो सकते हैं। सिंधिया आर्थिक राजनीति में अपना दखल बरकरार रखना चाहते हैं। ऐसे में वे अपने समर्थक के लिए टिकट मांग सकते हैं।

महेश्वर के घाट पर पूजन करते रमेश विधायक रमेश मेंदोला

अब तक भाजपा में दिग्गज विधायक रमेश मेंदोला का नाम सबसे आगे है। सिंधिया समर्थकों में प्रमोद टंडन और मोहन सेंगर टिकट के दावेदार बताए जा रहे हैं।

20 साल से भाजपा का कब्जा
प्रत्यक्ष रूप से महापौर पद के चुनाव की शुरुआत के बाद से इंदौर में भाजपा का महापौर पद पर कब्जा रहा है। बीते चार चुनावों में भाजपा ने कांग्रेस को शिकस्त दी है। अब तक कैलाश विजयवर्गीय, उमाशशि शर्मा, कृष्ण मुरारी मोघे और मालिनी गौड ने जीत दर्ज कर भाजपा को अपराजेय बना रखा है।

Exit mobile version